*दुमका के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ में एमएनसीयू एवं रेडिएंट वार्मर का हुआ उद्घाटन*

*नवजात शिशुओं के बेहतर उपचार एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती*

जामा विधायक डॉ. लुईस मरांडी एवं उपायुक्त अभिजीत सिन्हा द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ में नवनिर्मित एमएनसीयू (मदर न्यूबॉर्न केयर यूनिट) एवं रेडिएंट वार्मर का उद्घाटन किया गया। इस सुविधा के शुरू होने से रामगढ़ क्षेत्र के लोगों को मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगा।

*एमएनसीयू की सुविधा से स्थानीय स्तर पर मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सेवा*

उपायुक्त ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ में एमएनसीयू की सुविधा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को काफी सहूलियत होगी। प्रसव के दौरान किसी प्रकार की जटिलता अथवा नवजात शिशु को विशेष देखभाल की आवश्यकता होने पर अब उन्हें उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

*रेडिएंट वार्मर से नवजात शिशुओं के उपचार में मिलेगी सुविधा*

उपायुक्त ने कहा कि रेडिएंट वार्मर की सुविधा से नवजात शिशुओं को आवश्यक उपचार एवं देखभाल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। विशेष रूप से ऐसे नवजात, जिन्हें शरीर का तापमान सामान्य बनाए रखने एवं चिकित्सकीय निगरानी की आवश्यकता होती है, उनके उपचार में यह सुविधा उपयोगी होगी।

*उपायुक्त ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से लिया स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक*

उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती मरीजों से बातचीत कर अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से पूछा कि चिकित्सक समय पर उनका उपचार कर रहे हैं या नहीं तथा दवाओं के लिए उन्हें बाहर जाने की आवश्यकता तो नहीं पड़ रही है। मरीजों ने बताया कि उन्हें अस्पताल में ही आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं एवं दवाएं उपलब्ध हो रही हैं।

*अस्पताल में स्वच्छता एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश*

उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी को अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था हमेशा बेहतर बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित की जाए। दवाओं की कमी की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए समय पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *