लंदन / रांची: झारखंड और बिहार से हजारों मील दूर यूनाइटेड किंगडम (यूके) के ग्रेटर लंदन में लोक आस्था के महापर्व छठ की ग्लोबल छटा बिखरनी शुरू हो गई है। लंदन से लगभग 20 किलोमीटर दूर हांऊसले स्थित ब्रह्मऋषि मिशन में शनिवार को ‘बिहारी कनेक्ट यूके’ संस्था के सौजन्य से लगातार पांचवें वर्ष भव्य सामूहिक छठ पूजा का आयोजन शुरू हुआ। 4 दिवसीय इस महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना पूजन के साथ ही 15 महिला व्रतियों ने 36 घंटे के निर्जला उपवास का संकल्प लिया।

मिट्टी के चूल्हे पर बना खरना का प्रसाद

संस्था के वित्त सचिव राजीव सिंह ने बताया कि उत्सव स्थल पर सभी 15 व्रतियों ने मिलकर पारंपरिक रूप से मिट्टी का नया चूल्हा तैयार किया। इस चूल्हे पर लकड़ी जलाकर पीतल के बर्तन में अरवा चावल और गुड़ की खीर तथा गेहूं के आटे की रोटियां बनाई गईं। व्रतियों ने पवित्र दीप जलाकर भगवान भास्कर और छठी मईया की आराधना की तथा भोग लगाकर अनुष्ठान का संकल्प लिया। शनिवार को हुए खरना पूजन में करीब 600 श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ खरना का प्रसाद ग्रहण किया। आश्रम और संस्था की ओर से सभी श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध सात्विक भोजन और पेय पदार्थों की विशेष व्यवस्था की गई है।

कड़ाके की ठंड के बावजूद उत्साह, बन रहे हैं 7 हजार ‘ठेकुआ’ 

मीडिया सचिव खुशबू ने बताया कि यूके के प्रतिकूल मौसम और कड़ाके की ठंड के बावजूद प्रवासी भारतीयों में जबरदस्त आस्था, उमंग और जोश देखने को मिल रहा है। निर्जला उपवास के दौरान ही व्रतियों और उत्सव में शामिल अन्य महिलाओं के सहयोग से लगभग 7 हजार महाप्रसाद ‘ठेकुआ’ बनाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इस आयोजन में यूके के विभिन्न शहरों में बसे झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश के मूल निवासी बड़ी संख्या में जुट रहे हैं। पूजा में शामिल होने के लिए भारी संख्या में लोगों ने पहले ही पंजीकरण कराया है और रविवार तथा सोमवार को होने वाले अर्घ्य के दौरान दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई गई है। पर्व की सभी अग्रिम और प्रशासनिक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

संस्था के ट्रस्ट निदेशक डॉ. वीरेंद्र राय ने कहा कि परदेश में छठ महापर्व का यह आयोजन श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम है, जहां प्रवासी अपनी संस्कृति और परंपरा को जीवित रखने के लिए पूरी तरह कृतसंकल्प हैं। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में ‘बिहारी कनेक्ट यूके’ के कैप्टन ओम प्रकाश और डॉ. उदेश्वर कुमार सिंह जैसी शख्सियतें अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *