*चार अंतरराज्यीय गांजा तस्कर जेल भेजे गए, एंबुलेंस से 83 किलो गांजा बरामद*

*कोलेबिरा में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने यूपी नंबर की एंबुलेंस को खदेड़कर पकड़ा, ₹27 हजार नकद भी जब्त*

एंबुलेंस में मरीज के स्थान पर नसीले पदार्थ गांजा ढोये जाने का आज एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। यह सफलता सिमडेगा जिला पुलिस को मिली है।  जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सिमडेगा पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कोलेबिरा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए यूपी नंबर की एंबुलेंस से करीब 83 किलो गांजा बरामद किया है।

मामले में पुलिस ने एंबुलेंस सवार चार अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में सुनील कुमार, महादेव यादव, भारत भूषण और मोहित पांडेय शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इनमें दो आरोपी उत्तर प्रदेश और दो दिल्ली के रहने वाले हैं।

मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने बताया कि पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे को सूचना मिली थी कि ओडिशा से सिमडेगा के रास्ते गांजा की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में कोलेबिरा थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चलाया गया।

इसी दौरान पुलिस टीम ने ओडिशा की ओर से आ रही एक यूपी नंबर की एंबुलेंस को जांच के लिए रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही एंबुलेंस चालक ने वाहन लेकर भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा करते हुए एंबुलेंस को रोक लिया और उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान एंबुलेंस के अंदर छिपाकर रखा गया 83 पैकेट में करीब 82.98 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा पुलिस ने 27 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि एंबुलेंस का इस्तेमाल गांजा को एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाने के लिए किया जा रहा था।

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ के आधार पर गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस एंबुलेंस के मालिक और तस्करी में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

कार्रवाई के बाद चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *