
*पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए राजनीतिक दल सक्रिय भूमिका निभाएं : के. रवि कुमार*
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के. रवि कुमार ने आज सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची की अद्यतन स्थिति, प्राप्त शिकायतों एवं आगामी कार्यक्रमों से अवगत कराया। बैठक में राजनीतिक दलों की ओर से प्राप्त शिकायतों के निष्पादन की जानकारी भी साझा की गई।
बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के. रवि कुमार ने बताया कि आगामी 18 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक बीएलओ-बीएलए-2 की बैठक एवं चुनाव पाठशाला के साथ ‘एक और अवसर’ कैंप आयोजित किया जा रहा है। इस विशेष पहल का उद्देश्य मतदाता सूची में शामिल होने से छूटे प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक को एक और अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि कैंप के दौरान मुख्य रूप से तीन बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पहले, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा एएसडीडी (ASDD) सूची को सभी मतदान केंद्रों पर पुनः प्रकाशित किया जा रहा है। इस सूची में शामिल यदि कोई पात्र भारतीय नागरिक उपलब्ध है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 अथवा इन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
दूसरे, एसआईआर के दौरान नो मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी एवं अन्य मामलों में निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी स्तर से सुनवाई के क्रम में 2 बार नोटिस देने एवं घर-घर सत्यापन के उपरांत भी ड्राफ्ट मतदाता सूची के वैसे मतदाता जिन्होंने अभी तक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए है। इन मतदाताओं की सूची भी संबंधित मतदान केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाएगी।
तीसरे, ऐसे पात्र भारतीय नागरिकों पर भी चर्चा की जाएगी जो 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष प्राप्त कर चुके है, फिर भी संबंधित मतदान केंद्र के मतदाता सूची में अभी तक शामिल नहीं हो सके हैं। ऐसे पात्र भारतीय नागरिकों से फॉर्म-6 प्राप्त कर उनका नाम भी मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि एसआईआर के तहत आयोजित होने वाली यह छठी एवं अंतिम बीएलओ-बीएलए-2 बैठक है। ऐसे में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल अपने बीएलए-2 की उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बीएलए-2 के माध्यम से संबंधित मतदान केंद्रों पर ऐसे सभी पात्र भारतीय नागरिकों की सूची तैयार कराएं, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है। यह सूची 18 नवंबर को आयोजित बैठक में अनिवार्य रूप से बीएलओ को उपलब्ध कराई जाए साथ ही मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के वाटसऐप नंबर 6200079297 पर भी भेजा जाए जिससे कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से छूटे नहीं।
के. रवि कुमार ने कहा कि पूर्व के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान तैयार की गई मतदाता सूची आज भी महत्वपूर्ण है और वर्तमान एसआईआर के तहत तैयार की जा रही मतदाता सूची भी आने वाले समय में परमानेंट डाक्यूमेंट के रूप में महत्वपूर्ण होगी। इसलिए यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और कोई अपात्र अथवा विदेशी व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो सके। इस दिशा में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की सक्रिय सहभागिता अपेक्षित है।
इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी देवदास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर सहित सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।