*उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने ब्रीफिंग में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं वीक्षकों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*

*30 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा, सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी सुबह 6 बजे तक केंद्रों पर पहुंचना सुनिश्चित करें*

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 का आयोजन 01 नवंबर 2026 (रविवार) को पाकुड़ जिले के 30 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में किया जाएगा। उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) की परीक्षा प्रथम पाली में पूर्वाह्न 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा द्वितीय पाली में अपराह्न 2 बजे से 04:30 बजे तक आयोजित होगी।

परीक्षा के सफल संचालन को लेकर रविन्द्र भवन में जोनल दंडाधिकारी, पेट्रोलिंग दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं वीक्षकों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। उपायुक्त मेघा भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित दायित्वों का गंभीरता एवं तत्परता से निर्वहन करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि परीक्षा का निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रश्नपत्रों के सुरक्षित एवं समयबद्ध परिवहन, सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा एसओपी एवं चेकलिस्ट का अक्षरशः अनुपालन करने का निर्देश दिया। साथ ही, शत-प्रतिशत फ्रिस्किंग, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, निर्बाध बिजली आपूर्ति एवं पावर बैकअप सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाने, महिला अभ्यर्थियों की जांच के दौरान गोपनीयता बनाए रखने तथा परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय एवं प्रतीक्षा क्षेत्र जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। केंद्रों की तैयारियों का निरीक्षण कर निर्धारित समय तक रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल नियंत्रण कक्ष एवं वरीय पदाधिकारियों को देने को कहा।

पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को सुबह 6 बजे तक अपने निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने का निर्देश दिया। उन्होंने अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, कतार प्रबंधन, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा सभी कर्मी आपसी समन्वय के साथ शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन सुनिश्चित करेंगे।

*जिले के इन 30 केन्द्रों पर होगी परीक्षा*

जिले के 30 परीक्षा केन्द्रों पर यह परीक्षा आयोजित होना निर्धारित है। इन परीक्षा केन्द्रों में के.के.एम. कॉलेज, पाकुड़, पाकुड़ पॉलीटेक्निक कॉलेज, पाकुड़,डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, पाकुड़, हरिणडंगा उच्च विद्यालय, रानी ज्योतिर्मयी बालिका उच्च विद्यालय, आदर्श विल्टु मध्य विद्यालय, पीएम श्री मध्य विद्यालय धनुषपूजा, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स, मध्य विद्यालय हरिणडंगा पश्चिमी, जिदातो बालिका उच्च विद्यालय, डीएवी पब्लिक स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, संत जोसेफ स्कूल, एलाईट पब्लिक स्कूल, संत डॉन बॉस्को पब्लिक स्कूल, उत्क्रमित उच्च विद्यालय कारियोडीह, लिट्टीपाड़ा, उत्क्रमित उच्च विद्यालय डांगापाड़ा, हिरणपुर, उत्क्रमित उच्च विद्यालय रामचन्द्रपुर, उत्क्रमित उच्च विद्यालय रहसपुर, मॉडल विद्यालय काशिला, महिला कॉलेज, संत मारिया गोरेट्टी बालिका उच्च विद्यालय, तोड़ाई, हिरणपुर, उत्क्रमित उच्च विद्यालय मोहनपुर, हिरणपुर,आर.के. +2 विद्यालय, हिरणपुर, उत्क्रमित उच्च विद्यालय तोड़ाई, हिरणपुर, उत्क्रमित मध्य विद्यालय हाथकाठी उर्दू, हिरणपुर, उत्क्रमित मध्य विद्यालय घाघरजानी, हिरणपुर, पीएम श्री मध्य विद्यालय हिरणपुर (बालक), उत्क्रमित उच्च विद्यालय नबिनगर, मॉडल कॉलेज शामिल हैं।

One thought on “JTET-2026 : EXAM संचालन को लेकर व्यापक तैयारी, पाकुड़ के 30 केन्द्रों पर होगी परीक्षा”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *