*4 नवंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित होगी BLO-BLA-2 की पांचवीं बैठक एवं पांचवीं चुनाव पाठशाला*

*18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील*

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR)-2026 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिले में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में नो मैपिंग (No Mapping), लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी (Logical Discrepancy) एवं अन्य श्रेणी के मामलों की अद्यतन स्थिति से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में नो मैपिंग एवं लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी के कुल 4,19,319 नोटिस जनरेट किए गए हैं, जिनमें से 1,59,182 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है। वहीं, अन्य श्रेणी के कुल 10,79,977 मामलों में से 10,56,570 मामलों का निष्पादन किया गया है।

विधानसभा क्षेत्रवार प्राप्त प्रपत्रों की जानकारी देते हुए बताया गया कि जिले में अब तक प्रपत्र-6 के कुल 74,506, प्रपत्र-6क के 01, प्रपत्र-7 के 1,681 तथा प्रपत्र-8 के 25,146 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

बैठक में बताया गया कि दो वर्षों से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य लंबित रहने के कारण प्रपत्र-6 की प्राप्त संख्या अनुमान से कम है। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों से अपील की गई कि वे 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रेरित करें। पात्र नागरिक BLO के माध्यम से अथवा ECINet App एवं Voter Service Portal के जरिए 18 नवंबर 2026 तक प्रपत्र-6 जमा कर सकते हैं। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने का अनुरोध किया गया।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत आगामी 4 नवंबर 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक जिले के सभी मतदान केंद्रों पर BLO एवं BLA-2 की पांचवीं बैठक तथा पांचवीं चुनाव पाठशाला आयोजित की जाएगी। इस दौरान नो मैपिंग एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले मतदाताओं की नामवार सूची संबंधित BLO द्वारा उपस्थित BLA-2 सदस्यों एवं आम नागरिकों के समक्ष पढ़कर सुनाई जाएगी।

इस दौरान उपस्थित BLA-2 सदस्यों एवं आम नागरिकों से संबंधित मतदाताओं के संबंध में आवश्यक जानकारी, सुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, ताकि किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में छूटने की संभावना न रहे तथा कोई अपात्र अथवा विदेशी नागरिक मतदाता सूची में शामिल न हो सके।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में उपलब्ध कराए गए नो मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी एवं अन्य मामलों की सूची को संबंधित बीएलओ-1 एवं बीएलओ-2 के साथ साझा करते हुए पात्र मतदाताओं का नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल कराने में सहयोग करें।इसके साथ ही उन्होंने 4 नवंबर को आयोजित होने वाली बैठक एवं चुनाव पाठशाला में अपने प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की।इस दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी उदय रजक समेत विभिन्न दलों के प्रतिनिधिगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *