रांची: राज्य में गर्मी के मौसम को देखते हुए नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने सभी लंबित पेयजलापूर्ति योजनाओं को जल्द पूरा करने का सख्त निर्देश दिया है। प्रोजेक्ट भवन में मंगलवार को हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों और एजेंसियों को हिदायत दी कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत ढंग से की जाए। काम में कोताही मिलने पर एजेंसियों से रिकवरी के साथ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा के दौरान राज्य संपोषित, बाह्य सहायतित (एशियन डेवलपमेंट बैंक और विश्व बैंक) तथा अमृत योजना के तहत चल रहे कार्यों की निकायवार समीक्षा की गई। पाइप बिछाने के बाद सड़कों को जैसे-तैसे छोड़ने की मिल रही शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए कहा गया कि रिस्टोरेशन का काम गुणवत्तापूर्ण हो। जहां तक संभव हो पाइपलाइन के लिए सड़कों की कटाई कम से कम की जाए।
आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए इंटेक वेल, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और घरेलू कनेक्शन के काम में तेजी लाने को कहा गया है। योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही प्रशासनिक या तकनीकी बाधाओं को अन्य विभागों के साथ तालमेल बिठाकर तुरंत दूर करने का आदेश दिया गया है। जुडको और तकनीकी सेल को भी एजेंसियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने को कहा गया है। बैठक में धनबाद, रांची, मधुपुर, दुमका, कोडरमा, मेदिनीनगर, झुमरी तिलैया, रामगढ़, सिमडेगा समेत कई अन्य शहरी निकायों में चल रही पेयजल परियोजनाओं की प्रगति की खासतौर पर समीक्षा की गई।