पलामू जिले में करम डाली विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हुआ है। करम डाली एवं अन्य पूजन सामग्री के विसर्जन के दौरान चैनपुर थाना के बोकेया गांव के समीप कोयल नदी में डूबने से पांच बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई है। सभी बच्चों की उम्र 10 से 20 वर्ष बताये जा रहे हैं। मरने वालों में जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के ही पतरिया खुर्द के नीतेश कुमार, विशाल कुमार, अमित कुमार ठाकुर तथा आसपास के ही राजा सिंह एवं हेमन्त सिंह शामिल हैं। घटना की जानकारी पाकर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, स्थानीय विधायक आलोक चौरसिया, भाजपा नेता मनोज सिंह सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि मृतकों के गांव एवं मेदिनीराय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल पहुंचकर संवेदनाएं व्यक्त की। साथ ही वस्तुस्थिति का जायजा ले रहे हैं।
वहीं पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त किया। पुलिस प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है। एसडीपीओ राजेश कुमार यादव, थाना प्रभारी लालजी ने घटनास्थल पहुंचकर घटना का जायजा लिया। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है। घटना को लेकर परिजनों में चीख-पुकार मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं आसपास के गांवों में शोक की लहर है। घटनास्थल एवं मृतक के गांव में बड़ी संख्या में भीड़ जुटी है। घटना से क्षेत्र में मातम छाया है।
इधर, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पलामू में करम डाली विसर्जन के दौरान हुए हादसे में लोगों के नदी में डूबने की घटना को अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताया है। उन्होंने डिजिटल प्लेटफार्म एक्स पर पोष्ट कर इस पीड़ादायक घटना में जान गंवाने वाले सभी मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की है। उन्होंने मरांग बुरु से दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति तथा शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
पलामू एसपी कपिल चौधरी भी चैनपुर के पतरिया खुर्द गांव पहुंचकर पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।

