पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालगंज गांव स्थित झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक के रोहित सीएसपी में लूटपाट करने आये दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। लूटपाट कर रहे अपराधियों को सीएसपी संचालक व स्थानीय ग्रामीणों द्वारा पकड़ा गया था।

विदित हो कि सीएसपी में लूटपाट की सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना की पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुँची। घटनास्थल पर काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे तथा दोनों अपराधियों को घेरकर रखा गया था। पुलिस टीम द्वारा दोनों अपराधियों को भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में लिया गया। इन आरोपियों में पवन कुमार सिंह एवं रामबीर सिंह शामिल थे।

दोनों की तलाशी लेने पर उनके पास से एक देशी पिस्टल, 05 जिन्दा गोली, 01 खोखा, एक बैग में 7,100 रुपये, एक नोकिया की-पैड मोबाइल तथा सतबरवा थाना क्षेत्र के पोलपोल से लूटी गई पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई। अपराध के दौरान चेहरा छिपाने के लिए प्रयुक्त एक तौलिया एवं एक गमछी भी बरामद कर विधिवत जब्त किया गया। साथ ही इस लूटकांड को लेकर लेस्लीगंज थाना कांड संख्या–135/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

लूट की अन्य घटनाओं का खुलासा :
गिरफ्तार अभियुक्त पवन कुमार सिंह द्वारा पूछताछ के दौरान बताया गया कि करीब दो माह पूर्व उसने अपने सहयोगी राजा सिंह के साथ मिलकर पांकी थाना क्षेत्र के तेतराई स्थित सीएसपी तथा मनातू थाना क्षेत्र के सेमरी मोड़ स्थित सीएसपी में पिस्टल का भय दिखाकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस द्वारा उक्त घटनाओं के संबंध में भी आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

देशी पिस्टल सहित अन्य सामान जब्त :

गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल बरामद किया गया है, जिसमें 5 जिन्दा गोली लोड पाये गये। वहीं एक खोखा, पल्सर मोटरसाइकिल, एक नोकिया की-पैड मोबाइल,एक काला रंग का बैग, जिसमें 7,100 रुपये पाये गये। एक तौलिया एवं एक गमछी भी जब्त किये गये हैं।


गिरफ्तार दोनों आरोपी एक ही थाना क्षेत्र के :
गिरफ्तार आरोपी पवन कुमार सिंह तरहसी थाना क्षेत्र के पतीला गांव का रहने वाला है। वहीं दूसरा आरोपी रामबीर सिंह भी तरहसी थाना क्षेत्र के ही बजलपुर गांव का निवासी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरफ्तार पवन कुमार सिंह के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई है।


छापेमारी टीम में ये थे शामिल :
छापेमारी टीम में लेस्लीगंज (पांकी) के पुलिस पदाधिकारी, लेस्लीगंज थाना के पु०अ०नि० सुबीर किस्कू, स०अ०नि० हरेन्द्र पासवान, लेस्लीगंज रिजर्व गार्ड एवं चालक शामिल थे।

लूट की कोशिश नाकाम करनेवाले साहसी संचालक और उनकी मां सम्मानित:

इधर , घटना के दौरान साहस और सूझबूझ का परिचय देने वाले सीएसपी संचालक प्रिंस कुमार और उनकी मां को पुलिस अधिकारियों ने सम्मानित किया। एसडीपीओ प्रशांत कुमार और थाना प्रभारी उत्तम कुमार रॉय ने दोनों को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *