हुसैनाबाद, पलामू: राजकीयकृत मध्य विद्यालय हुसैनाबाद में सोमवार को बाल संसद के नेतृत्व में नियमित प्रार्थना, राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान और संविधान की प्रस्तावना के बाद जेसीईआरटी द्वारा भेजे गए न्यूज-क्विज कंटेंट का वाचन शिक्षिका सुषमा पांडेय ने किया। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय घटनाक्रमों के साथ स्वतंत्रता सेनानी सरदार भगत सिंह की 119वीं जयंती और भारत रत्न लता मंगेशकर की 97वीं जयंती पर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि दी गई।
सुषमा पांडेय ने कहा कि भगत सिंह ने महज 23 वर्ष की उम्र में अपने अदम्य साहस और बलिदान से इतिहास में अमिट गाथा लिखी। लाला लाजपत राय की मृत्यु से आहत भगत सिंह ने राजगुरु के साथ ब्रिटिश अधिकारी जॉन सॉन्डर्स की हत्या की। 1929 में बटुकेश्वर दत्त के साथ केंद्रीय असेंबली में बम फेंककर उन्होंने ब्रिटिश शासन के विरुद्ध आवाज बुलंद की और गिरफ्तारी दी। 23 मार्च 1931 को भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को फांसी दी गई। विद्यार्थियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
लता मंगेशकर की सुर-साधना, सम्मान और योगदान पर भी प्रकाश डाला गया। विश्व रेबीज दिवस, संयुक्त राष्ट्र महासभा, एशियन गेम्स और ‘मन की बात’ के 138वें प्रसारण के प्रमुख विषयों पर भी चर्चा हुई।मौके पर प्रधानाध्यापक कन्हैया प्रसाद, राजेश गुप्ता,राजेश कुमार सिन्हा, आशा कुमारी, पूनम कुमारी सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
