आगामी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में जिला के विभिन्न पूजा समितियों के साथ समाहरणालय परिसर में बैठक आयोजित की गयी। बैठक में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता, अग्निशमन सुरक्षा, विसर्जन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गयी। पूजा समितियों द्वारा आयोजन से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं को लेकर सुझाव भी दिये गये।इस बैठक का मुख़्य उद्देश्य सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन्स से पूजा समितियों को अवगत कराना था।

*सुरक्षा मानकों का अनिवार्य पालन*

उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि पलामू ने आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व-त्योहार मनाकर पूर्व के पूजा में मिसाल कायम की है। इस परंपरा को बनाए रखने के लिए प्रशासन, पूजा समितियों और आम लोगों को मिलकर काम करना होगा।पूजा समितियों को पंडाल निर्माण से लेकर विसर्जन तक निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया गया।

पंडाल में श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह और आपात स्थिति में सुरक्षित निकास मार्ग रखने को कहा गया। बिजली के खंभे, ट्रांसफॉर्मर या अन्य विद्युत संरचनाओं से सटाकर पंडाल या तोरण द्वार नहीं बनाने का निर्देश दिया गया।उन्होंने पंडाल निर्माण के दौरान मकानों से निर्धारित दूरी का अनिवार्य रूप से पालन करने पर बल दिया।पंडाल के आसपास पानी और बालू रखने पर बल दिया।

समितियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत विद्युत कनेक्शन और स्वीकृत लोड लेने तथा खुले और नंगे तारों का उपयोग नहीं करने को कहा गया।

बैठक में मेदिनीनगर नगर निगम आयुक्त रंजीत लाल,सदर एसडीएम संजय पांडेय,उप निर्वाचन पदाधिकारी उदय रजक,सिविल सर्जन डॉ अनिल,एडीसी नीरज कुमार,बिजली, अग्निशमन और फायर विभाग के पदाधिकारी समेत विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।संबंधित विभागों को समितियों से मिले सुझावों पर समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *