रांची: झारखंड की चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक खुशखबरी सामने आई है। रांची स्थित राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स में पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) की 36 नई सीटों का इजाफा हुआ है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) की शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए जारी नई सीट मैट्रिक्स के तहत अब रिम्स में पीजी की कुल सीटों की संख्या 176 से बढ़कर 212 पहुंच गई है।

सीटों में यह बढ़ोतरी सात प्रमुख विभागों में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एनेस्थीसियोलॉजी में सबसे ज्यादा 8 सीटें बढ़ी हैं। इसके अलावा कम्युनिटी मेडिसिन में 6, माइक्रोबायोलॉजी में 6, जनरल मेडिसिन में 5, एनाटॉमी में 4, फार्माकोलॉजी में 4 और फिजियोलॉजी विभाग में 3 नई सीटों की स्वीकृति मिली है।

रिम्स प्रबंधन के अनुसार इस बढ़ोतरी से राज्य के प्रतिभाशाली युवा डॉक्टरों को अपने ही राज्य में विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा हासिल करने का बेहतर मौका मिलेगा। आने वाले समय में ये विशेषज्ञ डॉक्टर झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और राज्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को दूर करने में बेहद मददगार साबित होंगे।

संस्थान को मिली इस बड़ी कामयाबी का श्रेय राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह और रिम्स के निदेशक प्रो. (डॉ.) दीपेन्द्र कुमार सिन्हा के प्रयासों और मार्गदर्शन को दिया गया है। सफलता पर खुशी जताते हुए निदेशक ने डीन एकेडेमिक्स समेत पूरी टीम, विभागाध्यक्षों, डॉक्टरों और कर्मचारियों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि पूरी टीम की मेहनत और एनएमसी के मानकों को समय पर पूरा करने की लगन के कारण ही रिम्स को यह उपलब्धि हासिल हुई है, जो झारखंड के बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य भविष्य की ओर एक बड़ा कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *