रांची: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार शाम से लापता तीन वर्षीय मासूम अर्नव कुमार का शव शनिवार सुबह कुम्हार टोली श्मशान घाट के पास स्थित नाले से बरामद किया गया। बच्चे का शव मिलने से पूरे इलाके में चर्चा हो रही है।
जानकारी के मुताबिक, डोरंडा निवासी तीन वर्षीय अर्नव कुमार शुक्रवार शाम करीब चार बजे अचानक लापता हो गया था। काफी देर तक जब बच्चा घर नहीं लौटा, तो परिजनों की बेचैनी बढ़ने लगी। परिवार के लोगों ने आसपास के घरों, गलियों और संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर डोरंडा थाना पहुंचकर पुलिस को सूचना दी गई।
इसके बाद परिजन और पुलिस लगातार बच्चे की तलाश में जुटे रहे और सभी सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहे थे। हालांकि, शनिवार सुबह नाले में शव मिलने की खबर ने पूरे परिवार को अंदर से तोड़कर रख दिया और दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं।