*जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री द्वारा 06 शिक्षकों को सेवानिवृत्ति के ही दिन प्रदान किए गए समस्त रिटायरमेंट बेनिफिट*

*जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने की सेवानिवृत्त शिक्षकों के सेवाकाल और उनके योगदान की सराहना*

जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में आज  समाहरणालय स्थित सभागार में पेंशन दरबार सह सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सेवानिवृत्त होने वाले 06 शिक्षकों को उनके परिवारजनों के समक्ष ससम्मान विदाई दी गई तथा सेवानिवृत्ति के ही दिन उन्हें समस्त रिटायरमेंट बेनिफिट प्रदान किए गए।

*जनवरी 2025 से सेवानिवृत्ति के दिन ही मिल रहा पूरा रिटायरमेंट बेनिफिट*

जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजंत्री के निर्देशानुसार एवं मार्गदर्शन में जनवरी 2025 से सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के ही दिन सभी रिटायरमेंट बेनिफिट प्रदान करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों को उनके सेवाकाल के उपरांत किसी प्रकार की अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े तथा उन्हें सम्मानजनक एवं सहज तरीके से उनके सभी देय लाभ उपलब्ध कराए जा सकें। पेंशन दरबार सह सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह का यह 21वाँ संस्करण है।

इस अवसर पर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों के सेवाकाल और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल बच्चों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण, बेहतर भविष्य और एक बेहतर समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वर्षों तक शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित भाव से सेवा देने वाले शिक्षकों के योगदान को सम्मानित करना गौरव का विषय है।

उन्होंने सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों को जीवन की नई पारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद का समय स्वयं और परिवार के साथ बिताने का अवसर है। उन्होंने सभी से अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने एवं स्वस्थ और सुखद जीवन व्यतीत करने की कामना की।

*सेवानिवृत्ति के अवसर पर इन शिक्षकों को किया गया सम्मानित :-*

प्रदीप भगत, प्रधानाध्यापक, रा.म.वि., बुढ़मू। पोखराज प्रसाद सिन्हा, स.शि., उत्क्रमित उच्च विद्यालय उरुगुट्टू, काँके। पैशेंस तिर्की, स.शि., रा.म.वि. बी.आई.टी. मेसरा, काँके। गीता कुमारी, स.शि., रा.म.वि. सिमलिया, रातू।संगीता रानी, स.शि., रा.म.वि. हेहल, रातू एवं नूर बाखला, स.शि., रा.म.वि. हिन्दू यूनाइटेड, राँची-2।

समारोह में जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज सहित शिक्षा विभाग के पदाधिकारी एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।

यह पहल रांची जिला प्रशासन की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसमें वर्षों तक सेवा देने वाले कर्मियों को सेवानिवृत्ति के समय न केवल उनके सभी देय लाभ समय पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, बल्कि उन्हें सम्मान और आत्मीयता के साथ विदाई भी दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *