*इनामी माओवादी जोनल कमांडर संजय यादव की महाराष्ट्र के ठाणे से हुई गिरफ्तारी तथा हुसैनाबाद थाना क्षेत्र से भारी मात्रा में अवैध आग्नेयास्त्र एवं कारतूस बरामद ।*

पलामू पुलिस को प्रतिबंधित माओवादी संगठन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने झारखंड में ₹10 लाख एवं बिहार में ₹3 लाख का इनामी माओवादी जोनल कमांडर संजय यादव उर्फ संजय गोदराम उर्फ बुधराम जी को गिरफ्तार किया है। साथ ही हुसैनाबाद थाना क्षेत्र से भारी मात्रा में अवैध आग्नेयास्त्र एवं कारतूस बरामद किया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी की संजय महाराष्ट्र राज्य के ठाणे में छिपकर रह रहा है। उक्त सूचना के आधार पर ए०टी०ए० मुम्बई द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त इनामी माओवादी जोनल कमांडर संजय यादव उर्फ संजय गोदराम उर्फ बुधराम जी को हिरासत में लिया। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई हेतु 6 नवंबर 2026 को पलामू पुलिस के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, छतरपुर प्रशांत कुमार तथा पु०अ०नि० कुमार सौरभ, हरिहरगंज थाना को महाराष्ट्र भेजा गया।

पलामू पुलिस के उक्त टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए वांछित माओवादी संजय यादव उर्फ संजय गोदराम उर्फ बुधरामजी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के उपरांत अभियुक्त को छतरपुर थाना कांड संख्या 166/23 में दिनांक 07-11-2026 को न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया। वहीं आवश्यक पुलिसिया कानूनी कार्रवाई करते हुए 9 नवंबर को पलामू के न्यायालय के समक्ष  प्रस्तुत करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उक्त माओवादी के विरूद्ध बिहार-झारखण्ड में 63 मामले दर्ज हैं।

माओवादी संजय को 10 नवंबर 2026 को पिपरा थाना कांड संख्या 28/20 में पुलिस रिमांड के दौरान अभियुक्त की स्वीकारोक्ति बयान एवं निशानदेही के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हुसैनाबाद के नेतृत्व में हुसैनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत केमो-दुधिया जंगल में छापेमारी की गई। छापामारी के क्रम में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए अवैध आग्नेयास्त्र एवं भारी मात्रा में गोली-बारूद बरामद किए गए।

*बरामद हथियार एवं अन्य सामग्री*

पुलिस ने एक 7.62 мм स्वचालित SLR राइफल,
140 राउंड 7.62 мм के जिंदा कारतूस, 150 राउंड 0.303 MM के जिंदा कारतूस, SLR की खाली मैगजीन 3, राइफल का बट 1, मैगजीन पाउच 1, फोर साइट 1, गोली रखने वाला 4 चार्जर, 1 एम- सील, 1  सीलिंग, टीन के केन 2 (एक बड़ा एवं एक छोटा), 1 सफेद रंग का केसिंग पाइप बरामद किया है।

*गिरफ्तार माओवादी के विरुद्ध दर्ज हैं कई कांड*
गिरफ्तार माओवादी के विरूद्ध पलामू जिला में 32 कांड, गढवा जिला में 1 कांड, औरंगाबाद (बिहार) में 20 कांड,
गया जी (बिहार) में 10 कांड दर्ज हैं।

*भारतीय पुलिस सेवा के दो अधिकारी सहित अन्य थे छापामारी दल में*

छापेमारी दल में भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी, अनुमंडलीय पुलिस पदाधिकारी, हुसैनाबाद  के दिव्यांश शुक्ला एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, छतरपुर प्रशांत कुमार, पु.नि. सह हुसैनाबाद के थाना प्रभारी चंदन कुमार, हरिहरगंज के पु०अ०नि० कुमार सौरभ, नावाबाजार के थाना प्रभारी पु.अ.नि. संजय यादव, लठेया पिकेट प्रभारी पु.अ.नि. मुकेश कुमार, झारखंड जगुआर-10 के पु.अ.नि. अमित कुमार एवं  पु.अ.नि. महेंद्र कुमार, छतरपुर थाना प्रभारी पु.अ.नि. सौरभ चौबे, पिपरा थाना के थाना प्रभारी पु.अ.नि. प्रदीप कुमार, हुसैनाबाद थाना केपु.अ.नि. विमल कुमार, महुदंड पिकेट प्रभारी स.अ.नि. रेवाशंकर राणा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हुसैनाबाद के अंगरक्षक आरक्षी रंजन टुटी, तकनिकी शाखा पलामू आरक्षी 1966 रामनारायण विश्वकर्मा एवं हुसैनाबाद एवं छतरपुर थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

पुलिस द्वारा माओवादी संगठन के अन्य सहयोगियों एवं इस नेटवर्क से जुड़े व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी अनुसंधान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *