रांची: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की ओर से राष्ट्रीय रेबीज नियंत्रण कार्यक्रम के तहत न्यू एकेडमिक बिल्डिंग स्थित एसएलटी-ए में रेबीज विषय पर एक दिवसीय सीएमई सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में रिम्स के निदेशक, वरिष्ठ चिकित्सकों और संकाय सदस्यों के अलावा झारखंड के विभिन्न जिलों से पहुंचे चिकित्सा पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने रेबीज की रोकथाम, समय पर निदान और इसके वैज्ञानिक प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की। माइक्रोबायोलॉजी विभाग के प्रो. डॉ. मनोज कुमार ने विभाग में उपलब्ध डायग्नोस्टिक सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं, डॉ. कंचन कुजूर ने रेबीज के क्लिनिकल लक्षणों, डॉ. तुषार कुमार ने इसके प्रबंधन, डॉ. मंजू बोइपाई ने प्रयोगशाला निदान और डॉ. मिथिलेश कुमार ने रेबीज की रोकथाम व टीकाकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे।
विशेषज्ञों ने इस बात पर जोर दिया कि रेबीज एक बेहद गंभीर बीमारी है, लेकिन समय रहते उचित चिकित्सीय हस्तक्षेप और निर्धारित टीकाकरण प्रोटोकॉल का पालन करके इसे पूरी तरह रोका जा सकता है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य चिकित्सकों को रेबीज के शुरुआती लक्षणों की पहचान, उचित प्रबंधन और प्रभावी रोकथाम के प्रति जागरूक करना था, जिससे राज्यभर में रेबीज नियंत्रण के राष्ट्रीय प्रयासों को और अधिक मजबूती मिल सके।