रांची: रांची स्थित सेंट एन्स इंटरमीडिएट कॉलेज की 118 छात्राओं, 17 शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों के एक दल ने नई दिल्ली स्थित भारतीय संसद भवन का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं ने देश के लोकतंत्र के सर्वोच्च मंदिर को करीब से देखा और भारत की संसदीय परंपरा, लोकतांत्रिक विरासत एवं विधायी कार्यप्रणाली को समझा।

दस दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर निकलीं ये छात्राएं कुल्लू-मनाली और दिल्ली की यात्रा पर हैं। कॉलेज प्रबंधन ने संसद भवन भ्रमण की इच्छा जताते हुए रांची के सांसद व रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से आग्रह किया था। केंद्रीय मंत्री की विशेष पहल और प्रयासों से ही छात्राओं को संसद के ऐतिहासिक परिसर का भ्रमण करने का यह सुनहरा अवसर प्राप्त हुआ। नई दिल्ली में उनकी टीम ने सभी छात्राओं को लोकसभा, राज्यसभा और केंद्रीय कक्ष (सेंट्रल हॉल) सहित संसद भवन के विभिन्न महत्वपूर्ण हिस्सों का अवलोकन कराया।

इस शैक्षणिक भ्रमण पर खुशी जाहिर करते हुए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि यह यात्रा केवल एक शैक्षणिक भ्रमण नहीं है, बल्कि हमारी नई पीढ़ी और देश की बेटियों के लिए संवैधानिक मूल्यों व लोकतांत्रिक व्यवस्था को करीब से समझने का एक अनूठा अवसर है। उन्होंने कहा कि बेटियां देश का भविष्य हैं और उनका जागरूक होना समृद्ध भारत के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह यात्रा छात्राओं को ‘विकसित भारत’ के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करेगी। इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या सिस्टर मेरी टोप्पो, रांची प्रोविंस की प्रोविंशियल सिस्टर सुजाता कुजूर और कॉलेज का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। सभी ने इस शैक्षणिक अनुभव को छात्राओं के भविष्य निर्माण के लिए बेहद प्रेरणादायक बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *