रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने एसआईआर को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित की जा रही चौपालों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चौपाल के नाम पर जनता के बीच भ्रम फैलाना बंद करे और स्पष्ट करे कि क्या वह इन आयोजनों के जरिए घुसपैठियों को मतदाता सूची में बनाए रखना चाहती है?

उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूट गया है, तो कांग्रेस के पास इसके लिए संवैधानिक और कानूनी रास्ते मौजूद हैं। पार्टी को चाहिए कि वह तथ्यों और पुख्ता प्रमाणों के साथ चुनाव आयोग के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराए। केवल चौपाल लगाकर राजनीतिक नाटक करना और जनता को गुमराह करना कांग्रेस की पुरानी कार्यशैली रही है। लोकतंत्र में विरोध का हक सभी को है, लेकिन संवैधानिक प्रक्रिया को लेकर बेबुनियाद भ्रम फैलाना पूरी तरह अनुचित है।

भाजपा नेता ने स्पष्ट किया कि एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह पूरी तरह संवैधानिक व्यवस्था है जिसका मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन  करना है। उन्होंने आंकड़े देते हुए बताया कि यह प्रक्रिया कांग्रेस के शासनकाल के दौरान 10 बार और भाजपा के कार्यकाल में 2 बार अपनाई जा चुकी है। ऐसे में आज इस पर सवाल उठाना कांग्रेस की दोहरी नीति को उजागर करता है।

कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए अमर कुमार बाउरी ने कहा कि एक तरफ कांग्रेस संविधान और कानून के सम्मान की बात करती है, तो दूसरी तरफ चुनाव आयोग जैसी स्वतंत्र संवैधानिक संस्था की प्रक्रिया पर ही सवाल खड़े करती है। यदि उन्हें कोई गड़बड़ी दिखती है, तो वे सबूत पेश करें न कि राजनीतिक प्रपंच से संवैधानिक व्यवस्था को बाधित करने का प्रयास करें।

उन्होंने अंत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है और वैश्विक स्तर पर भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत हो रही है। कांग्रेस को जनता को गुमराह करने की अपनी राजनीति छोड़कर यह साफ करना चाहिए कि वह असल मतदाताओं के अधिकारों के साथ है या फिर घुसपैठियों को बचाने की राजनीति कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *