पलामू पुलिस को आज बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गृहभेदन के 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी के सोना-चांदी के आभूषण एवं गृहभेदन में प्रयुक्त किए गए औजार को बरामद किया है।
विदित हो कि 28 अगस्त 2026 को सदर थाना क्षेत्र के सुदना, गायत्री मंदिर रोड, नियर ग्लोरियस पब्लिक स्कूल निवासी प्रेमजीत कुमार सिंह के आवेदन पर शहर थाना कांड सं0-315/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी अज्ञात चोरों के विरुद्ध दर्ज कर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही थी। कांड के त्वरित उद्भेदन हेतु पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम द्वारा सी०सी०टी०वी० फुटेज, तकनीकी शाखा एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से लगातार विभिन्न स्थानों पर छापेमारी एवं अनुसंधान की कार्रवाई की गई।
अनुसंधान के क्रम में रायरंगपुर, मयूरभंज, ओडिशा से 3 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ हेतु लाया गया। पूछताछ में इनके द्वारा पलामू एवं गढ़वा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दिन के समय बंद घरों की रेकी करने तथा रात्रि में रेकी किए गए घरों को निशाना बनाकर नगद राशि एवं आभूषण चोरी करने की बात बताई गई।
पूछताछ में यह भी जानकारी प्राप्त हुई कि चोरी किए गए आभूषणों को डेहरी स्थित डालमियानगर, रोहतास के प्रमोद ज्वेलर्स में बेचा जाता था। इसके बाद डालमियानगर, डेहरी से दो अन्य व्यक्तियों को लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ एवं स्वीकारोक्ति के आधार पर अभियुक्तों द्वारा शहर थाना क्षेत्र में विभिन्न तिथियों में अलग-अलग घरों में चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की गई।
अभियुक्तों की निशानदेही पर प्रमोद ज्वेलर्स से चोरी के आभूषणों में से लगभग 45 ग्राम सोना, माला सहित लगभग 80 ग्राम सोना जैसा आभूषण तथा लगभग 7.8 किलोग्राम चाँदी जैसा आभूषण बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त दरवाजा एवं खिड़की काटने/तोड़ने में प्रयुक्त विभिन्न औजार भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों में सरायकेला खरसावां जिले के बड़ा अमदा, जिसका वर्तमान पता मोहनिया बिगहा, डालमियानगर, थाना- डेहरी (डालमियानगर ओ०पी०), जिला- रोहतास (बिहार) निवासी लक्ष्मण मोदी उर्फ लक्ष्मण खेरवार, प्रमोद सोनी, डालमियानगर, थाना- डेहरी (डालमियानगर ओ०पी०), जिला- रोहतास (बिहार), अरविन्द खेरवार, नहर पर, मथुरापुर, थाना- डेहरी (डालमियानगर ओ०पी०), जिला- रोहतास (बिहार), राजू कुमार, रोमी, थाना- पेलावल, जिला- हजारीबाग तथा राज कुमार, उम्र करीब 21 वर्ष, पिता- नरसिंह खेरवार, सा०- रोमी, थाना- पेलावल, जिला- हजारीबाग निवासी शामिल हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से आभूषणों में लगभग 45 ग्राम सोना, माला सहित लॉकेट करीब 80 ग्राम सोना जैसा आभूषण एवं करीब 7.8 किलोग्राम, दरवाजा एवं खिड़की काटने वाले समान (पिलास, सब्बल, पगहा, टांगी, दाब एवं मुलेल) बरामद किया गया है।
पुलिस की छापेमारी टीम में राजेश यादव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, मृत्युंजय गोप, प्रो० पुलिस उपाधीक्षक, ज्योतिलाल रजवार, पु०नि० सह थाना प्रभारी, शहर थाना, रितेश लकड़ा, थाना प्रभारी, बालकृष्णा, पु०अ०नि०, क्राइम कंट्रोल विंग, संतोष कुमार गुप्ता, पु०अ०नि०, क्राइम कंट्रोल विंग, सुबोध कुमार, पु०अ०नि०, शहर थाना, पलामू एवं शहर थाना सशस्त्र बल शामिल थे।