रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों पर बढ़ने वाले यातायात और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने सभी वाहन चालकों और यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण अपील जारी की है। त्योहार के इस पावन अवसर पर सड़क दुर्घटनाओं से बचाव और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए NHAI ने चालकों से यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने का आग्रह किया है।
NHAI रांची के क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने बताया कि छठ महापर्व के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों पर श्रद्धालुओं और यात्रियों की आवाजाही में भारी बढ़ोतरी हो जाती है। इसे देखते हुए वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। यात्रा पर निकलने से पहले वाहन की तकनीकी स्थिति की जांच अवश्य कर लें, तय गति सीमा का पालन करें और आगे चल रहे वाहनों से उचित दूरी बनाए रखें।
यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि दोपहिया चालकों के साथ-साथ पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है, जबकि चारपहिया वाहनों में सभी यात्रियों को सीट बेल्ट का उपयोग करना चाहिए। इसके अलावा, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने, नशे की हालत में वाहन चलाने, गलत दिशा में गाड़ी मोड़ने और जोखिम भरी ओवरटेकिंग से पूरी तरह बचने की अपील की गई है।
विशेषकर सुबह के अर्घ्य के समय कोहरे और कम रोशनी की स्थिति को देखते हुए वाहन की गति धीमी रखने और हेडलाइट का उचित उपयोग करने पर जोर दिया गया है। छठ घाटों की ओर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और पैदल यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए राजमार्गों के किनारे या अनावश्यक रूप से वाहन पार्क करने से मना किया गया है।
NHAI ने किसी भी आपात स्थिति, वाहन खराब होने या दुर्घटना की सूचना के लिए अपनी 24×7 राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन नंबर 1033 को सक्रिय रखा है, जिस पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है। प्राधिकरण ने विश्वास जताया है कि प्रशासन के प्रयासों और यात्रियों के सहयोग से हर किसी की यात्रा सुरक्षित होगी।