प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण को प्रदेश भाजपा के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के द्वारा विभिन्न जगहों पर सुना गया।
*प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने* राँची जिला अंतर्गत ओरमांझी प्रखंड स्थित अपने पैतृक गाँव कुच्चू के बूथ संख्या-17 पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणजनों के साथ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया।
मौके श्री साहू ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने 2016 के सर्जिकल स्ट्राइक को याद करते हुए कहा कि यह आतंकवाद के खिलाफ भारत की ‘जीरो टॉलरेंस’ (Zero Tolerance) नीति का एक मजबूत उदाहरण थी। उन्होंने हमारे वीर जवानों के शौर्य, साहस और पराक्रम को नमन करते हुए राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति भारत के दृढ़ संकल्प को रेखांकित किया। प्रधानमंत्री का हर नया एपिसोड सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए प्रेरणा प्रदान करता है।
*नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने* रांची के गोंदा मंडल में मन की बात को मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ सुना।
मौके पर श्री मरांडी ने कहा कि “मन की बात” केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व और जनभागीदारी के लिए प्रेरित करने का एक सशक्त माध्यम है।
*वहीं राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा ने* खिजरी विधानसभा के बूथ संख्या-192 में इस कार्यक्रम को कार्यकर्ताओं के साथ सुना। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ से राष्ट्र निर्माण और जनभागीदारी का संदेश प्राप्त होता है।
*जबकि प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने* सिमड़ेगा जिला के बीरू मण्डल के बूथ संख्या- 117 में मन की बात कार्यक्रम के 138वें संस्करण को भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचार समाज के हर वर्ग को सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करते हैं।
इसके अलावा पार्टी के विभिन्न वरीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी अलग अलग स्थानों पर मन की बात को सुना और इसे देश एवं समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने वाला कार्यक्रम बतलाया। इस अवसर पर विभिन्न जगहों पर भाजपा के नेता एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।