राँची । जिंदगी जिंदाबाद
झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और राज्य के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश हो रही है। मानसून की सक्रियता को देखते हुए मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और गर्जन के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की है । रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले पांच दिनों के मौसम का हाल बताते हुए राज्य के सभी 24 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं राजधानी रांची में आज पूरे दिन रुक-रुक कर बारिश होने और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की सक्रियता के कारण रांची और आसपास के इलाकों में यह दौर देर रात तक जारी रह सकता है।
10 जुलाई तक का वर्षा पूर्वानुमान
- 09 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों (76% से 100% स्टेशनों पर) में व्यापक रूप से वर्षा (WS) होने का अनुमान है ।
- 09 से 10 जुलाई (Day-5): वर्षा की रफ्तार में थोड़ी कमी आ सकती है, जिससे कई स्थानों पर हल्के से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है ।
वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम केंद्र ने 10 जुलाई 2026 तक पूरे राज्य के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है । इस दौरान राज्य के विभिन्न इलाकों में गर्जन के साथ वज्रपात होने और 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं (Gusty Wind) चलने की प्रबल आशंका है ।
भारी बारिश का जिलावार अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार अलग-अलग दिनों में राज्य के इन हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है:
- 06 जुलाई : गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा सहित झारखंड के पश्चिमी इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट है ।
- 06 से 07 जुलाई : गढ़वा, पलामू, चतरा, हज़ारीबाग़, लातेहार, लोहर्दगा, राँची, गुमला और सिमडेगा में भारी बारिश की संभावना है ।
- 07 से 08 जुलाई : देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज समेत उत्तर-पूर्वी जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी है ।
- 08 से 09 जुलाई : साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, दुमका और जामताड़ा जिलों में भारी बारिश को लेकर विभाग ने सतर्क रहने को कहा है ।
मौसम विभाग की सलाह: खराब मौसम या गर्जन के समय लोग सुरक्षित स्थानों पर शरण लें और पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। सटीक और समय पर जानकारी के लिए सरकार के ‘मौसम’, ‘मेघदूत’ और ‘दामिनी’ ऐप का उपयोग करें ।
