रांची: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय ब्लॉक-बी सभागार में रविवार को दो महत्वपूर्ण समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं। पहली बैठक में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के सभी प्रखंडों के बीपीएम, सीसी और एफटीसी के साथ ग्रामीण आजीविका योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई, जबकि दूसरी बैठक में आपूर्ति पदाधिकारियों, कर्मियों और जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदारों के साथ व्यवस्थाओं व योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
जेएसएलपीएस की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने स्थापना दिवस पखवाड़े में ब्लॉक टीमों द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की और कहा कि कर्मियों के समर्पण से ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका से जुड़ी योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू हो रही हैं। उन्होंने जोर दिया कि राज्य सरकार की कई योजनाएं महिलाओं को केंद्र में रखकर बनाई जा रही हैं, इसलिए बड़े अभियानों और कार्यक्रमों में महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने सभी ब्लॉक टीमों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में कोई कमी न रहे और प्रखंडों की चुनौतियों व उपलब्धियों के अनुरूप बेहतर समन्वय व आगे की रणनीति पर काम किया जाए।
वहीं, पीडीएस और आपूर्ति विभाग से जुड़ी बैठक में जन वितरण प्रणाली से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान ‘सोना-सोबरन धोती-साड़ी वितरण योजना’ को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि चावल दिवस की तरह प्रत्येक माह की 15 और 25 तारीख को अधिक से अधिक लाभुकों के बीच धोती, लुंगी और साड़ी का समारोहपूर्वक वितरण कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि वितरण कार्यक्रम विभागीय दिशा-निर्देशों के तहत गरिमापूर्ण तरीके से हों और इनमें जनप्रतिनिधियों व गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी भी सुनिश्चित की जाए। बैठक में उप विकास आयुक्त संजय भगत, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय और जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार समेत जिला खेल पदाधिकारी, आपूर्ति व संबंधित विभागों के पदाधिकारी, कर्मी तथा पीडीएस दुकानदार उपस्थित थे।