रांची: झारखंड में शनिवार देर रात से रविवार तक सड़क दुर्घटना, हत्या की दो अलग-अलग वारदातों और एक मानवीय पहल से जुड़ी कई बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। रामगढ़ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे राज्य और पड़ोसी राज्य बिहार को झकझोर दिया है। शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि करीब डेढ़ से दो बजे के बीच कुजू ओपी क्षेत्र के पैंकी गांव के पास रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-33) पर एक स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र के नंधामा गांव निवासी एक ही परिवार के लोग रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। इस हादसे में चार मासूम बच्चों, चार महिलाओं और पांच पुरुषों समेत कुल 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन में सवार 14 लोगों में केवल एक शख्स जीवित बच सका है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दर्दनाक घटना पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवारों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की, साथ ही घायल के समुचित इलाज की बात कही।
20 रुपये के विवाद में ले ली एक व्यक्ति की जान
दूसरी ओर, हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र में महज 20 रुपये के विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। शनिवार-रविवार की आधी रात करीब एक बजे तिलैया रोड स्थित बजाज शोरूम के पास पत्थर से कुचलकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मामूली रकम को लेकर हुई कहासुनी के बाद गुस्साए युवक ने पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हैरान करने वाली बात यह रही कि वारदात के बाद आरोपी वहां से भागा नहीं, बल्कि खून लगा पत्थर लेकर शव के पास ही बैठा रहा। सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को घटनास्थल से गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल पत्थर भी बरामद कर लिया।
मामूली विवाद के बाद कर दी हत्या
राजधानी रांची के चान्हो थाना क्षेत्र में भी रविवार सुबह मामूली विवाद के बाद हत्या की घटना सामने आई। देशवाली गांव में पड़ोसी के साथ हुई कहासुनी के बाद 45 वर्षीय सुनीता उरांव की कथित तौर पर लकड़ी काटने वाली टांगी से हमला कर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 बजे पड़ोसी पिंजरा उरांव (50) अपने आंगन में जलावन की लकड़ी काट रहा था। इसी दौरान सुनीता उरांव वहां पहुंची और किसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर आरोपी ने टांगी से हमला कर दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
51 अज्ञात शवों का अंतिम संस्कार
रांची में 29 नवंबर को ‘मुक्ति संस्था’ ने मानवीय संवेदना की मिसाल पेश की। जिन अज्ञात लोगों का कोई अपना नहीं था या जिनके अंतिम संस्कार के लिए कोई आगे नहीं आया, ऐसे 51 अज्ञात शवों का जुमार नदी के तट पर पूरे विधि-विधान और सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। संस्था के सदस्यों ने रिम्स स्थित मोर्चरी गृह से सभी शवों को निकालकर विधिवत पैक किया और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई।