रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा ने 1 से 25 दिसंबर तक ‘सेवा दूत अभियान’ चलाने की तैयारी पूरी कर ली है। इसी सिलसिले में रांची के धुर्वा स्थित मयूरवन बैंक्वेट हॉल (रेनबो वाटर पार्क, सैम्बो बालालोंग) में झारखंड भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राष्ट्रीय मंत्री व सांसद मनोज तिग्गा और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय ने कार्यकर्ताओं को अभियान की बारीकियों और रणनीति से अवगत कराया।

कार्यशाला की शुरुआत पीएम मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुनने के साथ हुई। इसके बाद वंदे मातरम् गाया गया और महापुरुषों व पार्टी के पुरोधाओं के चित्रों पर माल्यार्पण कर अतिथियों का स्वागत किया गया। बैठक के दौरान रामगढ़ सड़क हादसे में मारे गए 13 लोगों और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की दिवंगत मां के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि भी दी गई।

अभियान के उद्देश्य पर बात करते हुए नेताओं ने कहा कि सेवा दूत बूथ स्तर तक पहुंचकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने और योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली दिक्कतों को दूर करने का काम करेंगे। इस दौरान लाभार्थियों से संवाद, स्थानीय समस्याओं की पहचान और संगठन की जमीनी स्थिति का आकलन भी किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सेवा और परिवार के भाव के साथ अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जाएं और जनता से आत्मीय संबंध बनाएं। उन्होंने बताया कि यह अभियान झारखंड की सभी 81 विधानसभाओं सहित देश के कुल 4,123 विधानसभा क्षेत्रों में चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों के बीच सेवा भाव से काम करते हुए प्रधानमंत्री के गरीब कल्याण के संदेश को घर-घर पहुंचाना है।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कार्यकर्ताओं को सहज और सरल ढंग से काम करने की सलाह देते हुए प्रत्येक बूथ पर टोली बनाने पर जोर दिया, जिसमें जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों को भी समय देने को कहा गया। उन्होंने 2029 में झारखंड में भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि प्रवास के दौरान जनता की समस्याओं, राज्य सरकार के प्रति नाराजगी और केंद्रीय योजनाओं की जमीनी हकीकत का आकलन कर उसे सूचीबद्ध किया जाए।

अभियान की राष्ट्रीय टोली के सदस्य एवं पश्चिम बंगाल से लोकसभा सांसद मनोज तिग्गा ने 28 पन्नों की प्रस्तुति के जरिए अभियान की रूपरेखा और सेवा दूतों की जिम्मेदारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि इस दौरान जनसुनवाई, नशामुक्त भारत शिविर, सामुदायिक संपर्क, लाभार्थी संवाद, अपना क्षेत्र अपना गौरव, सेवा शिविर और विकसित भारत अभियान जैसी गतिविधियां होंगी। साथ ही गतिविधियों के संकलन के लिए ‘सरल ऐप’ के इस्तेमाल की जानकारी भी दी गई।

प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय ने कहा कि पीएम मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा समर्पण के मद्देनजर कार्यकर्ता भी 25 दिनों तक क्षेत्र में प्रवास करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रवास संगठन के लिए प्राण वायु की तरह है। कार्यकर्ताओं को पुराने साथियों को जोड़ने, समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद करने और संगठन को नीचे तक मजबूत करने पर ध्यान देना होगा।

प्रेस ब्रीफिंग में प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने बताया कि अभियान में पूर्व सांसद, पूर्व विधायक तथा प्रदेश व जिला के पूर्व व वर्तमान पदाधिकारी शामिल होंगे। हर विधानसभा में एक समन्वयक और मंडल अध्यक्ष सह समन्वयक के रूप में काम करेंगे। कार्यशाला में दीपक प्रकाश, राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, मुनेश्वर साहू, गीता कोड़ा, मनोज सिंह, प्रतुल शाहदेव, योगेन्द्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और विधानसभा समन्वयक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *