*3 अक्टूबर को प्रखंड कार्यालय में होगी बैठक, जनप्रतिनिधियों, व्यवसायियों और ग्रामीणों के साथ समस्याओं के समाधान पर होगी चर्चा*
लातेहार के बालूमाथ मुख्य पथ पर अतिक्रमण और कोयला वाहनों के परिचालन से उत्पन्न हो रही समस्याओं के समाधान को लेकर 3 अक्टूबर को प्रखंड कार्यालय में बैठक आयोजित की गई है।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार ने मुख्य पथ को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ कोयला वाहनों से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है।
बालूमाथ मुख्य पथ पर कुछ लोगों एवं दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। इससे ग्रामीणों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सभी अतिक्रमित स्थलों को यथाशीघ्र खाली कराने और कार्रवाई की रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
उपायुक्त ने कहा कि आम लोगों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा नहीं होनी चाहिए। अतिक्रमण एवं कोयला वाहनों के परिचालन से जुड़ी समस्याओं का समाधान संबंधित पक्षों के साथ समन्वय स्थापित कर नियमानुसार किया जाना है। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों, व्यवसायियों और ग्रामीणों के साथ बैठक कर समस्याओं के व्यावहारिक समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
वहीं, बालूमाथ में कोयला वाहनों के परिचालन से होने वाले प्रदूषण और आवागमन से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए 3 अक्टूबर को प्रखंड कार्यालय, बालूमाथ में बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में संबंधित पदाधिकारियों के अलावा जनप्रतिनिधि, व्यवसायी और ग्रामीण शामिल होंगे।
बैठक में बालूमाथ मुख्य पथ को अतिक्रमण मुक्त कराने, निजी एवं यात्री वाहनों के निर्धारित पड़ाव पर ठहराव, मुख्य पथ की मरम्मत तथा कोयला वाहनों से संबंधित प्रदूषण समेत अन्य समस्याओं के निराकरण पर चर्चा की जाएगी। उपायुक्त की ओर से सभी संबंधित पक्षों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
