रांची । जिंदगी जिंदाबाद
अमर शहीद मंगल पांडेय की जयंती पर PM नरेंद्र मोदी ने श्रद्धांजलि अर्पित की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज महान क्रांतिकारी मंगल पांडे जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री मोदी ने कहा कि उनका साहसी जीवन आज भी हर भारतीय को गौरवान्वित करता है और उनकी वीरता की गाथा देश की हर पीढ़ी को प्रेरित करती रहेगी।
श्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि महान क्रांतिकारी मंगल पांडे जी को उनकी जयंती पर शत-शत नमन। मातृभूमि के स्वाभिमान और सम्मान की रक्षा के लिए उन्होंने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका साहसिक जीवन आज भी हर भारतीय को गर्व से भर देता है। राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत उनकी शौर्यगाथा देश की हर पीढ़ी को प्रेरित करती रहेगी।
मंगल पांडेय भारत के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम 1857 की क्रांति के मुख्य अग्रदूत और महान क्रांतिकारी थे, जिनका जन्म 19 जुलाई 1827 को उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नगवा गाँव में हुआ था। वे वर्ष 1849 में ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी की सेना में शामिल हुए और बैरकपुर की ’34वीं बंगाल नेटिव इन्फैंट्री’ में बतौर सिपाही कार्यरत रहे।
विद्रोह का मुख्य कारण सेना में नई एनफील्ड राइफल के कारतूसों का आना था, जिनमें गाय और सूअर की चर्बी का प्रयोग किया गया था। इन कारतूसों को मुँह से काटना पड़ता था, जिससे हिंदू और मुस्लिम सैनिकों की धार्मिक भावनाएँ आहत हुईं। इसके विरोध में 29 मार्च 1857 को मंगल पांडेय ने कारतूसों के इस्तेमाल से मना कर दिया और बैरकपुर छावनी में अंग्रेज अधिकारियों पर हमला कर विद्रोह का बिगुल फूंक दिया।
इस सैन्य विद्रोह के आरोप में कोर्ट मार्शल के बाद 8 अप्रैल 1857 को उन्हें तय तारीख से पहले ही फाँसी दे दी गई। उनकी इस अमर शहादत ने पूरे देश में देशभक्ति की तीव्र लहर पैदा की, जिसने आगे चलकर महान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का रूप ले लिया।
JCECEB: B.Ed, M.Ed और B.P.Ed कोर्स में एडमिशन के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू, यहाँ देखें पूरा शेड्यूल
https://zindagijindabaad.com/jceceb-check-schedule-for-admission/
https://www.pmindia.gov.in/hi/
