झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत राज्य स्तर पर निर्धारित कार्यक्रमों के अनुरूप लातेहार जिले में 17 से 24 नवंबर 2026 तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 21 नवंबर 2026 को विभिन्न विभागों के माध्यम से स्वच्छता, जागरूकता एवं झारखंड की संस्कृति और विरासत से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं।

पंचायती राज विभाग के तत्वावधान में विद्यालयों में स्वच्छता एवं झारखंड की संस्कृति और विरासत विषय पर चित्रकला, निबंध, भाषण, वाद-विवाद एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसी क्रम में चंदवा प्रखंड अंतर्गत राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय रुरीसोत में ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

वहीं, जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा राज्य स्थापना दिवस समारोह के निर्धारित कैलेंडर के अनुसार विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसके तहत गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक जानकारी दी गई। साथ ही योग्य लाभार्थियों की पहचान, आवेदन फॉर्म भरने में सहायता तथा लंबित आवेदनों एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा सके।

इसके अतिरिक्त स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वच्छता संदेश के साथ प्रभात फेरी निकाली गई तथा बाल सभा का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता के महत्व एवं सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया गया।

जिला प्रशासन द्वारा राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिले में विभिन्न विभागों के समन्वय से जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *