रांची: महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। झारखंड की सलीमा टेटे की कप्तानी में खेल रही टीम ने रविवार को भोपाल में खेले गए मुकाबले में थाईलैंड को 7-0 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इस बड़ी जीत के साथ भारत तीन मैचों में नौ अंक और बेहतर गोल अंतर के दम पर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। जापान भी नौ अंकों के साथ सेमीफाइनल में जगह बना चुका है, लेकिन गोल अंतर के मामले में भारतीय टीम आगे है। 

थाईलैंड के खिलाफ मैच की शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक रुख अपनाया। नवनीत कौर ने चौथे मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक के जरिए टीम का खाता खोला, जिसके बाद दीपिका ने दसवें और ग्यारहवें मिनट में दो गोल दागकर बढ़त को 3-0 कर दिया। मुमताज खान ने 28वें मिनट में गोल कर मध्यांतर से पहले स्कोर 4-0 पहुंचा दिया। दूसरे हाफ में दीपिका ने अपनी हैट्रिक पूरी की, जबकि नवनीत कौर ने एक और गोल किया। झारखंड की खिलाड़ी सुनेलिता टोप्पो ने भी एक गोल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई और राज्य का मान बढ़ाया। इस टीम में कप्तान सलीमा टेटे और सुनेलिता के अलावा निक्की प्रधान व ब्यूटी डुंगडुंग भी शामिल हैं। 

हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी ने इस जीत पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि सलीमा की अगुवाई में भारत ने 2024 में राजगीर में खेले गए एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के सभी सात मैच जीतकर खिताब जीता था और इससे पहले 2023 में रांची में भी टीम चैंपियन रही थी। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगे के मैचों के लिए शुभकामनाएं दीं। टूर्नामेंट में सोमवार को विश्राम का दिन है और भारतीय टीम अपना अगला मुकाबला 24 नवंबर को चीन के विरुद्ध खेलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *