रांची: राजधानी स्थित फिरायालाल बैंक्वेट हॉल में 11 नवंबर को सामाजिक संस्था चैरिटेबल चार्म्स’ के तत्वावधान में ‘वूमेन कॉन्क्लेव 2026’ (थीम: ब्रेकिंग द ग्लास सीलिंग: वूमेन लीडिंग चेंज) का भव्य आयोजन किया गया। संस्था की चेयरपर्सन डॉ. ख्याति मुंजाल के नेतृत्व में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में राजनीति, उद्यमिता, शिक्षा, चिकित्सा, कॉरपोरेट और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने शिरकत की। कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को नेतृत्व के अधिक अवसर प्रदान करना, नीति-निर्माण और निर्णय की प्रक्रियाओं में उनकी समान भागीदारी सुनिश्चित करना तथा उन्हें आर्थिक व सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक सार्थक संवाद का मंच तैयार करना था।

एआईपीसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु गौड़ याश्की ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाना कांग्रेस की प्राथमिकता है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के झारखंड प्रभारी के. राजू ने कहा कि महिलाओं को भी नेतृत्व का अवसर मिलना चाहिए।

समारोह के दौरान डॉ. ख्याति मुंजाल को ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस (AIPC) के ‘वूमेन एंटरप्रेन्योरशिप एंड एम्पावरमेंट वर्टिकल’ का झारखंड राज्य प्रमुख नियुक्त किए जाने की घोषणा भी विशेष चर्चा का केंद्र रही। इस नई जिम्मेदारी के लिए डॉ. मुंजाल ने एआईपीसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु गौड़ याश्की, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के झारखंड प्रभारी के. राजू तथा झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के प्रति आभार जताया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे पूरी निष्ठा के साथ इस दायित्व का निर्वहन करते हुए राज्य में महिला उद्यमिता और कौशल विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगी। उल्लेखनीय है कि डॉ. मुंजाल अपनी संस्था के माध्यम से लंबे समय से जरूरतमंद महिलाओं और बच्चों के उत्थान के लिए ब्यूटीशियन प्रशिक्षण और सिलाई-कढ़ाई जैसे स्वरोजगार उन्मुख कार्यक्रम चला रही हैं।

कॉन्क्लेव में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, अजय नाथ शाहदेव और रामा खलखो शामिल हुए। इसके अलावा विशेष अतिथियों के तौर पर रितुल मुंजाल, विपुल मुंजाल, पीयूष मुंजाल, चिकित्सा जगत से डॉ. निदा मकबूल, डॉ. रुही श्रीवास्तव, डॉ. सुबोध सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में चैरिटेबल चार्म्स की पीआर कमेटी चेयरपर्सन रूपम झा, महिला प्रोफेशनल्स प्रमुख नीलम लकड़ा, कौशल विकास अध्यक्ष प्रभा सिंह और क्षत्रिय महासभा प्रवक्ता खुशी काकन के साथ-साथ सहयोगी सदस्यों का विशेष योगदान रहा। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों व वक्ताओं का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए भविष्य में भी महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *