ऑपरेशन प्रहार के तहत पलामू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 09.660 किलोग्राम अवैध अफीम, मोटरसाइकिल व मोबाईल बरामद के साथ दो तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश टर कार्रवाई :
पलामू के पुलिस अधीक्षक को 21 सितंबर 2026 की संध्या गुप्त एवं विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि बिहार राज्य का एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से छतरपुर थाना क्षेत्र के करमा चराई में आकर अवैध रूप से अफीम की खरीद-बिक्री करने वाला है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने छतरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने तत्परता दिखाते हुए छतरपुर थाना पुलिस एवं सशस्त्र बल की विशेष छापामारी टीम गठित की।


गठित टीम द्वारा सूचना के सत्यापन एवं संदिग्ध व्यक्ति/वाहन की गिरफ्तारी हेतु करमा चराई रोड, पथलगढ़ा के समीप छतरपुर-जपला मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। वाहन जांच के दौरान मध्य रात्रि में एक मोटरसाइकिल तेज गति से आती हुई दिखाई दी। पुलिस बल को देखकर चालक द्वारा भागने का प्रयास किया गया, जिसे पुलिस टीम ने पकड़ लिया गया।


पूछताछ के क्रम में चालक ने अपना नाम रंजन रजक (उम्र करीब 36 वर्ष), पिता– शिवनंदन रजक, ग्राम डुमरिया, थाना डुमरिया, जिला गया (बिहार) बताया। उसकी मोटरसाइकिल संख्या BR02BG-8511 की डिक्की की विधिवत तलाशी लेने पर दो काले प्लास्टिक में कुल 02.660 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई।

गिरफ्तार अभियुक्त रंजन रजक से प्रारंभिक पूछताछ एवं उसकी निशानदेही के आधार पर पुलिस टीम द्वारा ग्राम मंझौली निवासी दयानंद प्रसाद के घर की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मिट्टी के घर के एक कमरे से 07.000 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। इस प्रकार दोनों स्थानों से कुल 09.660 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद कर जब्त एवं सील किया गया तथा दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।

छतरपुर थाना में प्राथमिकी :

मामले को लेकर पुलिस द्वारा छतरपुर थाना कांड संख्या–156/2026, धारा 18(b)/25/29 NDPS Act के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार दोनों आरोपी रंजन रजक एवं दयानंद प्रसाद को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं बरामद अफीम के स्रोत, गंतव्य तथा इस अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के संबंध में अनुसंधान एवं संभावित ठिकानों पर छापामारी की जा ररी है।

छापामारी दल में ये रहे शामिल :

छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार, थाना प्रभारी सौरभ चौबे सहित छतरपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे।

पुलिस ने की अपील :

पलामू पुलिस आम जनता से अपील करती है कि मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री, परिवहन एवं भंडारण से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *