जपला सीमेंट फैक्ट्री की जमीन नीलामी के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे मजदूर, जाएंगे कोर्टजपला सीमेंट फैक्ट्री की जमीन नीलामी के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे मजदूर, जाएंगे कोर्ट

पूर्व मजदूर नेता नेजाम खान के नेतृत्व में होगी कानूनी लड़ाई, बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय; नीलामी की पारदर्शिता पर पहले से उठ रहे हैं गंभीर सवाल

उदय प्रकाश ओझा

हुसैनाबाद ,पलामू: जपला सीमेंट फैक्ट्री की बेशकीमती जमीन की नीलामी को लेकर अब मजदूरों ने आर-पार की लड़ाई लड़ने का मन बना लिया है। फैक्ट्री की जमीन की बिक्री प्रक्रिया को चुनौती देने के लिए मजदूर और उनके आश्रित अब न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। बुधवार को हार्वे लाइन कालोनी में आयोजित मजदूरों की महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। बैठक में तय हुआ कि पूर्व मजदूर नेता नेजाम खान के नेतृत्व में नीलामी के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी।
बैठक में शामिल मजदूरों एवं उनके आश्रितों ने कहा कि जपला सीमेंट फैक्ट्री की जमीन केवल एक संपत्ति नहीं, बल्कि वर्षों तक यहां अपनी मेहनत और पसीना बहाने वाले मजदूरों के हितों एवं उनके भविष्य से जुड़ा सवाल है। ऐसे में जमीन की बिक्री की प्रक्रिया में मजदूरों के हितों की अनदेखी किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। मजदूरों का कहना था कि इतनी बड़ी संपत्ति की नीलामी से पहले पारदर्शिता और व्यापक सार्वजनिक सूचना सुनिश्चित की जानी चाहिए थी, ताकि संबंधित पक्षों को अपनी बात रखने और प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करने का पर्याप्त अवसर मिल सके।
बैठक में नीलामी प्रक्रिया को लेकर पूर्व में उठाए गए सवालों पर भी चर्चा हुई। विशेष रूप से जमीन की बिक्री के विज्ञापन के सीमित प्रसार, स्थानीय स्तर पर सूचना सार्वजनिक नहीं किए जाने तथा बोलीदाताओं के आपसी व्यावसायिक संबंधों को लेकर उठे सवालों को गंभीर बताया गया। मजदूरों का मानना है कि इन तमाम बिंदुओं की न्यायिक जांच होनी चाहिए, ताकि नीलामी की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
गौरतलब है कि जपला सीमेंट फैक्ट्री की देवरी कला एवं कुसुआ मौजा स्थित 81.04 एकड़ जमीन की नीलामी में 35.05 करोड़ रुपये की सर्वाधिक बोली लगाने वाले राजबली सिंह की बोली को 29 अक्टूबर 2026 को न्यायालय ने अस्थायी स्वीकृति दी थी। वहीं, फैक्ट्री से संबंधित रोहतास जिले की 206.96 एकड़ जमीन की बिक्री को लेकर भी पहले सवाल उठ चुके हैं। दोनों मामलों में नीलामी की पारदर्शिता, विज्ञापन की पहुंच और बोलीदाताओं की स्वतंत्र भागीदारी को लेकर उठे सवाल अब मजदूरों के आंदोलन का प्रमुख आधार बनते दिख रहे हैं।
बैठक में मजदूरों ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए कहा कि वे अपने अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए कानूनी रास्ता अपनाने से पीछे नहीं हटेंगे। अब सबकी निगाहें पूर्व मजदूर नेता नेजाम खान के नेतृत्व में उठाए जाने वाले अगले कानूनी कदम पर टिकी हैं। जपला सीमेंट फैक्ट्री की जमीन की नीलामी का मामला अब महज संपत्ति की बिक्री तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह मजदूरों के अधिकार, नीलामी की पारदर्शिता और न्यायिक जवाबदेही से जुड़ा बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है।
बैठक में हुसैनाबाद नगर पंचायत के अध्यक्ष अजय कुमार भारती, देवरी कला पंचायत के मुखिया मनोज भारती, मजदूर नेता नेजाम खां, शरीफ खां, नागेन्द्र सिंह, असलम खां, रमेश चंद्र पांडेय, विक्रम पासवान, पंकज चटर्जी एवं श्रीराम सिंह सहित सैकड़ों मजदूर एवं उनके आश्रित शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *