बिजली शिकायत निवारण शिविर:
रांची: झारखंड के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर रांची विद्युत आपूर्ति अंचल की ओर से बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। यह शिविर 18 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से उपभोक्ताओं की बिजली से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही निपटारा करने का प्रयास किया जाएगा।
रांची सहित आसपास के विभिन्न विद्युत आपूर्ति प्रमंडलों में इन विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। बिजली विभाग की इस पहल का उद्देश्य उपभोक्ताओं को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना और उनकी समस्याओं की सुनवाई एक ही स्थान पर करना है बिजली शिकायत निवारण शिविर: नए कनेक्शन से लेकर बिल सुधार तक होगा काम।
सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक लगेंगे शिविर
रांची के एसडीओएन साह ने बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपनी बिजली संबंधी शिकायतों के निराकरण के लिए निर्धारित शिविरों में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। सभी शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगे। उपभोक्ता अपनी समस्या से संबंधित जानकारी और जरूरी दस्तावेज लेकर शिविर में पहुंच सकते हैं।
इन समस्याओं का होगा समाधान
विशेष शिविरों में बिजली से जुड़ी कई तरह की शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। इसमें नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन देने की सुविधा भी शामिल है। इसके अलावा बिजली बिल में गड़बड़ी होने पर सुधार के लिए शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी।
जिन उपभोक्ताओं को बिजली बिल नहीं मिल रहा है, वे भी अपनी समस्या शिविर में रख सकेंगे। इसके साथ ही बिजली बिल में मोबाइल नंबर अपडेट कराने की सुविधा मिलेगी। ट्रांसफार्मर खराब होने, लो-वोल्टेज की समस्या, बिजली के पोल और तार की आवश्यकता से संबंधित शिकायतों पर भी सुनवाई की जाएगी। बिजली आपूर्ति से जुड़े अन्य मामलों को भी शिविर में रखा जा सकेगा।

किस दिन कहां लगेगा शिकायत निवारण शिविर?
18 नवंबर: पुंदाग सब स्टेशन, कोकर रूरल सब स्टेशन, पंचायत भवन कुटे, रातू रोड पावर सब स्टेशन और टुटी सब स्टेशन में शिविर लगाए जाएंगे।
19 नवंबर: सदर पावर सब स्टेशन, कुसई कॉलोनी डोरंडा, पंचायत भवन टुंगरी, कोकर अर्बन कार्यालय लालपुर, पंचायत भवन सुरसू, इटकी पावर सब स्टेशन और तोरपा बिजली कार्यालय में शिविर होगा।
20 नवंबर: पॉलीटेक्निक पावर सब स्टेशन, पहाड़ी न्यू मार्केट, मोरहाबादी पीएसएस, पंचायत भवन नेवरी, बांबे पीएसएस और खूंटी बिजली कार्यालय में शिविर आयोजित किया जाएगा।
21 नवंबर: केंद्रीय कार्यालय, सैनिक मार्केट, विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल तुपुदाना कार्यालय, पंचायत भवन पिठोरिया, अंचल कार्यालय चाहो, खूंटी तोरपा कार्यालय और सेवा सदन पीएसएस में शिविर लगेगा।
22 नवंबर: चुटिया पावर हाउस चौक और बड़ामू पीएसएस में उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनी जाएंगी।
23 नवंबर: अशोक नगर पीएसएस, विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल एदलहातू कार्यालय, पंचायत भवन नरन, पंचायत भवन जानुमपीढ़ी, बोड़ेया पीएसएस और खूंटी कार्यालय में शिविर लगेगा।
24 नवंबर: जयपाल सिंह मैदान, चाहो पीएसएस, खूंटी और तोरपा कार्यालय में शिकायत निवारण शिविर आयोजित होगा।
25 नवंबर: चडरी पीएसएस, पंचायत भवन करकरी, आरएमसीएच कार्यालय, पंचायत भवन तमाड़, रातू रोड कार्यालय और उरूडी पीएसएस में शिविर लगाया जाएगा।
26 नवंबर: इरबा पीएसएस, टाटीसिलवे कार्यालय, कांके, कोकर बिजली कार्यालय, बुंडू कार्यालय, अंचल कार्यालय खलारी और करी पीएसएस में शिविर आयोजित किया जाएगा।
इन विद्युत प्रमंडलों के उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
इन शिविरों में रांची केंद्रीय, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी, डोरंडा, कोकर, न्यू कैपिटल और खूंटी विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के उपभोक्ता अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए अलग-अलग तिथियों में संबंधित विद्युत आपूर्ति प्रमंडलों और विद्युत उपकेंद्रों में शिविर निर्धारित किए गए हैं।
बिजली विभाग की इस पहल से उपभोक्ताओं को अपनी समस्याएं सीधे संबंधित अधिकारियों के सामने रखने का अवसर मिलेगा। खासकर बिजली बिल में गड़बड़ी, नए कनेक्शन, लो-वोल्टेज और ट्रांसफार्मर खराब होने जैसी समस्याओं से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे अपनी समस्या के अनुसार निर्धारित तिथि और स्थान पर पहुंचकर विशेष शिविर का लाभ उठाएं।
बिजली शिकायत निवारण शिविर: नए कनेक्शन से लेकर बिल सुधार तक होगा काम
https://zindagijindabaad.com/jharkhand-cabinet-meeting-da-hike-proposal/

[…] https://zindagijindabaad.com/bijli-shikayat-nivaran-shivir-ranchi-november-2026/ […]