रांची: दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में चल रहे विकासात्मक कार्यों (रोलिंग ब्लॉक) के मद्देनजर रेल प्रशासन ने 22 नवंबर तक कई ट्रेनों के परिचालन में बड़ा बदलाव किया है। रेलवे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस अवधि के दौरान जहां कई मेमू ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, वहीं कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से समाप्त (शॉर्ट टर्मिनेट) किया जाएगा। इसके अलावा झारखंड के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस के मार्ग में भी परिवर्तन किया गया है।

ये ट्रेनें रहेंगी रद्द

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 68046/68045 आसनसोल-आद्रा-आसनसोल मेमू 17 नवंबर से लेकर 22 नवंबर तक लगातार छह दिनों के लिए रद्द रहेगी। इसी तरह 68090/68089 आद्रा-मेदिनीपुर-आद्रा मेमू 17, 20 और 22 नवंबर को नहीं चलेगी। 68077/68078 आद्रा-भागा-आद्रा मेमू का परिचालन 18 नवंबर को रद्द रखा गया है।

आंशिक रूप से समाप्त/प्रारंभ ट्रेनें

विकास कार्यों के चलते तीन जोड़ी ट्रेनों के गंतव्य में कटौती की गई है। ट्रेन संख्या 68053/68054 आद्रा-बराभूम-आद्रा मेमू 18 और 21 नवंबर को बराभूम के बजाय पुरुलिया तक ही जाएगी और वहीं से वापस खुलेगी। वहीं 68056/68060 टाटानगर-आसनसोल-बराभूम मेमू 17, 20 और 22 नवंबर को आद्रा स्टेशन तक ही जाएगी और वहीं से प्रारंभ होगी। इसके अतिरिक्त, 63594/63593 आसनसोल-पुरुलिया-आसनसोल मेमू 17, 18, 19, 21 और 22 नवंबर को पुरुलिया के स्थान पर आद्रा से ही शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट होगी।

टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस के रूट में बदलाव

झारखंड की राजधानी रांची और जमशेदपुर के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए भी अहम अपडेट है। ट्रेन संख्या 18601 टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस 18 नवंबर और 21 नवंबर को अपने निर्धारित मार्ग के बजाय परिवर्तित मार्ग (डायवर्टेड रूट) चांडिल-गुंडा बिहार-मुरी होकर चलेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जांच अवश्य कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *