रांची: ग्रेटर लंदन के हौंस्लो स्थित ब्रह्मऋषि मिशन में ‘बिहारी कनेक्ट यूके’ के तत्वावधान में पांचवें वर्ष भी सामूहिक छठ महापर्व पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। माइनस 7 डिग्री सेल्सियस की कड़ाके की ठंड और विपरीत मौसम के बावजूद बिहार और झारखंड से ताल्लुक रखने वाले प्रवासियों ने पारंपरिक निष्ठा और नियमों के साथ यह अनुष्ठान पूरा किया।
इस भव्य आयोजन में यूके के विभिन्न हिस्सों से आए करीब 900 परिवारों के लगभग 2,000 लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान 15 व्रतियों ने कठिन निर्जला उपवास रखकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। संस्था की ओर से सभी व्रतियों को पूजन सामग्री के साथ-साथ पारंपरिक वस्त्र और लहठी उपलब्ध कराई गई।

पारंपरिक गीतों से गूंजा लंदन का घाट
अनुष्ठान से एक दिन पूर्व महिलाओं ने मिलकर लगभग 7,000 ठेकुआ और कसार (चावल के लड्डू) तैयार किए। इसके बाद पारंपरिक सूप और दउरे में फल, नारियल, गन्ना, हल्दी-अदरक की गांठ, सिंघाड़ा, केला और डाभ नींबू जैसी पूजन सामग्री सजाई गई। पुरुषों ने सिर पर दउरा उठाकर परिसर में बनाए गए विशेष कृत्रिम घाट तक सामग्री पहुंचाई।
व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर सूप उठाया और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा की। इस दौरान पारंपरिक लोकगीतों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। संध्या अर्घ्य के बाद गन्नों के मंडप में मिट्टी के दीये जलाकर कोशी भरने की रस्म निभाई गई। अगले दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद हवन, सामूहिक गंगा आरती और सूर्यदेव की वंदना की गई।

सांस्कृतिक विरासत का सशक्त माध्यम
कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया, साथ ही यूके के अन्य शहरों में रह रहे प्रवासियों तक भी प्रसाद पहुंचाने की विशेष व्यवस्था की गई। ट्रस्टी कैप्टन ओम प्रकाश ने इस सफल आयोजन के लिए समिति के सदस्यों, वॉलेंटियर्स और ब्रह्मऋषि मिशन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह महापर्व विदेशों में रह रहे भारतीयों के बीच सांस्कृतिक विरासत और आपसी सौहार्द को जीवित रखने का एक सशक्त माध्यम है।