रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ को प्रेम, अपनत्व, त्याग और लोकतांत्रिक मूल्यों का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया है। केशव महतो कमलेश ने कहा कि यह पुस्तक केवल एक राजनीतिक संस्मरण नहीं है। यह एक ऐसी असाधारण जीवन यात्रा को दर्शाती है, जो यह संदेश देती है कि भारतीयता जन्मस्थान से नहीं, बल्कि देश की संस्कृति, विविधता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति समर्पण से तय होती है। उन्होंने कहा कि इटली के एक छोटे से कस्बे में जन्म लेने के बाद भारत आकर यहां की परंपराओं को आत्मसात करना और राजीव गांधी की असामयिक हत्या जैसी व्यक्तिगत त्रासदी के बावजूद सार्वजनिक जीवन में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना उनके धैर्य और साहस का प्रमाण है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पुस्तक में वर्णित वर्ष 2004 के राजनीतिक घटनाक्रम का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) की जीत के बाद प्रधानमंत्री बनने का अवसर होने के बावजूद सोनिया गांधी ने डॉ. मनमोहन सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपी, जो राजनीति में पद और सत्ता से ऊपर सिद्धांत और त्याग को दर्शाता है। केशव महतो कमलेश के अनुसार, पुस्तक में लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, नागरिक स्वतंत्रता और संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता पर गंभीर चिंतन किया गया है। उन्होंने महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, मौलाना अबुल कलाम आजाद, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की विचारधारा का जिक्र करते हुए कहा कि भारत की असली ताकत उसकी बहुलतावादी संस्कृति में निहित है, जहां सभी धर्मों, जातियों और भाषाओं का समान सम्मान है।

वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर अपने विचार रखते हुए कमलेश ने कहा कि आज लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता, चुनाव आयोग की विश्वसनीयता, मीडिया की स्वतंत्रता और न्यायपालिका की स्वायत्तता जैसे विषय लोकतंत्र के समक्ष महत्वपूर्ण प्रश्न बनकर उभरे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि नागरिक अधिकारों की सुरक्षा और असहमति के सम्मान का नाम है, जहां वैचारिक मतभेदों का उत्तर भय या दबाव के बजाय तर्क और संवाद से दिया जाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पार्टी की ऐतिहासिक जिम्मेदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी संविधान की रक्षा और सामाजिक न्याय के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *