रांची/लंदन: यूनाइटेड किंगडम (यूके) में प्रवासी भारतीयों द्वारा पूरी निष्ठा और परंपरा के साथ लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत हो गई है। ‘बिहारी कनेक्ट यूके’ संस्था के तत्वावधान में लंदन में लगातार पांचवें साल सामूहिक छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। बिहार और झारखंड से जुड़े प्रवासियों के इस महापर्व में इस बार कुल 15 महिला व्रती शामिल हो रही हैं। इसमें रांची, पटना और अन्य जिलों की महिला व्रती भी शामिल है।
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय महापर्व का शुभारंभ हुआ। यूके में रह रहीं सभी 15 व्रतियों ने सूर्योदय से पहले उठकर स्नान किया और शुद्ध सात्विक परंपरा के अनुसार कद्दू-भात का प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान घर और रसोई की पवित्रता का विशेष ध्यान रखा गया। सबसे पहले भगवान भास्कर और छठी मइया को भोग लगाया गया, जिसके बाद व्रतियों और परिजनों ने प्रसाद ग्रहण किया।
माइनस दो डिग्री तापमान में होगी सामूहिक पूजा
लंदन की कड़ाके की ठंड और माइनस दो डिग्री के प्रतिकूल मौसम के बावजूद सभी व्रती लंदन के हेस्टन रोड, हौंऊसले स्थित ‘ब्रह्मऋषि मिशन’ में जुटेंगी, जहां तीन दिवसीय सामूहिक छठ अनुष्ठान संपन्न होगा। 14 नवंबर को सामूहिक खरना का अनुष्ठान होगा। इसके बाद 15 नवंबर भगवान भास्कर को सामूहिक संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उगते सूर्य को सामूहिक उषा अर्घ्य और व्रत का पारण किया जाएगा।
दो हजार से अधिक श्रद्धालु होंगे शामिल
संस्था की अध्यक्ष डॉ. रानी ओम प्रकाश और संस्थापक डॉ. उदेश्वर सिंह ने बताया कि यूके के दूर-दराज के शहरों जैसे कैंट, रीडिंग, एसेक्स, ससेक्स और वेंबले से करीब दो हजार श्रद्धालु इस महोत्सव में हिस्सा लेने पहुंचेंगे। लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग के पदाधिकारी भी इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनेंगे। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने के लिए संस्था के 25 वालंटियर विशेष रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जिससे यूके में रह रहे बिहार और झारखंड के प्रवासियों में भारी उत्साह और उमंग का माहौल है।