रांची: शहर की स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं, नदी संरक्षण और आगामी पर्व-त्योहारों की तैयारियों को लेकर रांची नगर निगम के नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शनिवार को विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हरमू नदी के सौंदर्यीकरण और सफाई, प्रकाश पर्व को लेकर मार्ग की व्यवस्था, कांके स्थित अत्याधुनिक स्लॉटर हाउस के संचालन तथा कोकर चौक के पास जल निकासी व अतिक्रमण को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
सबसे पहले नगर आयुक्त ने वार्ड संख्या 23 के अंतर्गत कडरू मार्ग से लाला लाजपत राय स्कूल के आगे स्थित हरमू नदी तट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में अभियंत्रण शाखा की ओर से बताया गया कि नदी तट के आसपास बोल्डर ब्लॉक लगाकर पेंटिंग करने और पुल के दोनों ओर जालीदार घेराबंदी करने का काम चल रहा है, जिससे नदी में कचरा फेंकने और गंदगी फैलाने पर रोक लगेगी। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरे किए जाएं तथा आकर्षक पौधारोपण और ग्रीन पैच वर्क भी कराया जाए। नदी की व्यापक सफाई के लिए उन्होंने डे-एनयूएलएम टीम को मुख्यमंत्री श्रमिक योजना (एमएसवाई) के तहत अतिरिक्त श्रमिक जोड़ने का निर्देश दिया, जबकि टीम ने जानकारी दी कि फिलहाल 20 एमएसवाई श्रमिकों के साथ दो पोकलेन मशीन और एक ड्रेन मास्टर मशीन से निरंतर सफाई की जा रही है। साथ ही अवैध व्यावसायिक गतिविधियों और अतिक्रमण पर कार्रवाई, हाई मास्ट लाइट लगाने और भविष्य में हरमू नदी के व्यापक जीर्णोद्धार की योजना पर भी जोर दिया गया।
इसके बाद नगर आयुक्त ने आगामी प्रकाश पर्व (गुरुनानक जयंती) की तैयारियों के मद्देनजर पीपी कंपाउंड स्थित गुरुनानक स्कूल से सुजाता चौक तक निर्धारित मार्ग का जायजा लिया। उन्होंने पूरे मार्ग और प्रभात फेरी के रास्ते में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, वाटर स्प्रिंकलर से सड़कों की धुलाई कराने और तय समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया ताकि श्रद्धालुओं व आम लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो। इस दौरान मार्ग में अवैध वाहन पार्किंग व अतिक्रमण पर कार्रवाई, बाजार शाखा द्वारा सुजाता चौक व आसपास के अनधिकृत विज्ञापन पट्टों, मोनोपोल और होर्डिंग्स को हटाने तथा भवनों की जांच कर अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और मानक के अनुरूप मांस उपलब्ध कराने की दिशा में नगर आयुक्त ने कांके स्थित पांच एकड़ भूमि पर बने अत्याधुनिक स्लॉटर हाउस का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि पहले इसका संचालन मेसर्स अर्श एंड इल्हाम लाइवस्टॉक एक्सपोर्टर्स द्वारा किया जाता था, लेकिन फिलहाल यह बंद है। जबकि यहां अत्याधुनिक मशीनें, पशु चिकित्सक द्वारा जांच की व्यवस्था और मांस आपूर्ति के लिए दो डीप फ्रीजर वाहन उपलब्ध हैं। नगर आयुक्त ने आगामी 5 दिसंबर तक सभी आवश्यक मैकेनिकल व सिविल कार्य पूरे कर ट्रायल रन अनिवार्य रूप से शुरू करने का निर्देश दिया और चेतावनी दी कि तय समय में काम पूरा न होने पर संबंधित एजेंसी को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। उन्होंने स्वच्छता शाखा को परिसर व आसपास सफाई और झाड़ी-घास कटाई करने तथा स्वास्थ्य शाखा को खाद्य सुरक्षा व पशु क्रूरता निवारण नियमों के तहत कार्ययोजना बनाने को कहा।
नगर आयुक्त ने कोकर चौक स्थित सैमफोर्ड हॉस्पिटल के समीप पुल और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने हरमू नदी पुल और कोकर डिस्टिलरी पुल की तरह यहां भी पुल के दोनों ओर जालीदार घेराबंदी कराने का निर्देश दिया ताकि नीचे कचरा न फेंका जाए। इसके अलावा बड़े नाले की समुचित सफाई कराने और नालियों के ऊपर अवैध रूप से बने या विस्तारित भवनों व प्रतिष्ठानों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी करने का आदेश दिया। इन सभी निरीक्षणों में वार्ड पार्षद, नगर प्रबंधक, कार्यपालक व सहायक अभियंता सहित निगम की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।