रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा वर्ष 2050 तक झारखंड को देश का नंबर वन राज्य बनाने के बयान पर झारखंड भाजपा के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को 2050 के सपने दिखाने से पहले मौजूदा वर्ष 2026 के झारखंड की स्थिति और अपने कामकाज का हिसाब देना चाहिए।

प्रतुल शाह देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो संकल्प लिया है, वह केवल राजनीतिक बयानबाजी नहीं बल्कि एक ठोस कार्ययोजना पर आधारित राष्ट्रीय अभियान है। उनके अनुसार, ‘विकसित भारत @2047’ अभियान में युवाओं, शिक्षाविदों, उद्योग जगत, विशेषज्ञों और राज्यों की भागीदारी तय की गई है तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कौशल विकास, बुनियादी ढांचे, तकनीक और आर्थिक आत्मनिर्भरता पर व्यवस्थित काम हो रहा है।

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि इसके उलट झारखंड सरकार के पास 2050 के लक्ष्य को पाने के लिए कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य की जनता यह जानना चाहती है कि आने वाले पांच वर्षों में कितने युवाओं को रोजगार दिया जाएगा और खाली पड़े सरकारी पदों पर बहाली कब होगी। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की समयबद्ध योजना, औद्योगिक निवेश को जमीन पर उतारने और किसानों की आय बढ़ाने के ठोस कदमों पर भी सरकार से जवाब मांगा।

प्रतुल शाह देव ने कहा कि वर्तमान में झारखंड के युवा रोजगार संकट झेल रहे हैं, प्रतियोगी परीक्षाएं विवादों में हैं, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं चुनौतियों का सामना कर रही हैं तथा सरकार भ्रष्टाचार व अव्यवस्था के आरोपों से घिरी है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में बिना नीति, नियोजन और जवाबदेही के 2050 का सपना दिखाना जनता को गुमराह करने जैसा है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि झारखंड में खनिज संपदा, प्राकृतिक संसाधन, मेहनती युवा और औद्योगिक विकास की भरपूर संभावनाएं मौजूद हैं, लेकिन इन्हें धरातल पर उतारने के लिए दूरदर्शी नेतृत्व, साफ नीति, ईमानदार नीयत और प्रभावी अमल की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *