रांची: राजधानी के डेढ़ दर्जन से अधिक पार्कों के रखरखाव और संचालन को लेकर रांची नगर निगम की व्यवस्था एक बार फिर कटघरे में है। इनमें से कई पार्क ठेकेदारों को लीज पर दिए जाते हैं, जिनसे सालाना लाखों रुपये की आमदनी होती है। हालांकि, नई लीज प्रक्रिया में देरी, पुराने संचालकों पर बकाया राशि और नियमों की अनदेखी के चलते निगम के राजस्व पर सीधा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। 

मोरहाबादी स्थित चिल्ड्रन पार्क, कोकर का स्वामी विवेकानंद स्मृति पार्क, डॉ. जाकिर हुसैन पार्क, हरमू का पटेल पार्क और अरगोड़ा पार्क समेत कई प्रमुख स्थानों की बंदोबस्ती ई-टेंडर के जरिए होती है। इस बार नवंबर के मध्य में नई ई-टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है, लेकिन टेंडर फाइनल होने, करार और हस्तांतरण में लगने वाले समय के कारण दिसंबर की कमाई प्रभावित हो सकती है। उधर, पुराने वेंडरों पर बकाया राशि जमा न करने का मुद्दा भी सुलझ नहीं पाया है। 

जमीनी स्तर पर वेंडरों की कथित मनमानी को लेकर भी शिकायतें सामने आ रही हैं। आरोप है कि मोरहाबादी चिल्ड्रन पार्क में घूमने-फिरने और बच्चों के खेलने की जगह पर क्रिकेट पिच समेत अन्य खेल गतिविधियां चलाकर अलग से शुल्क वसूला जा रहा है, जिससे परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इसके अलावा बिना अनुमति अस्थायी निर्माण करने की भी बात कही जा रही है। दूसरी ओर इस बार के टेंडर में पुराने ठेकेदार के मुकाबले अधिक राजस्व वाले प्रस्ताव आने की चर्चा के बीच कुछ जगहों पर पुराने संचालकों का काम जारी रहना भी सवाल खड़े कर रहा है।

इस मामले पर नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा है कि निगम की अनुमति के बिना निर्माण करने या नियमों के खिलाफ काम चलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बकाया न चुकाने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वेंडरों को ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है। नई बंदोबस्ती में निगम के राजस्व हित और बेहतर संचालन को प्राथमिकता दी जाएगी।

हालांकि, टिकट और विभिन्न गतिविधियों से वसूली के बावजूद पार्कों में सुविधाएं नदारद हैं। स्वामी विवेकानंद स्मृति पार्क में मरम्मत और शाम के वक्त असामाजिक तत्वों के जमावड़े से सुरक्षा की चिंता बनी हुई है, जबकि चिल्ड्रन पार्क के खेल उपकरणों की हालत ठीक नहीं है और नेताजी पार्क में अतिक्रमण की समस्या है। कई पार्कों में पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और रोशनी की कमी है। वहीं कई मोहल्लों के पार्कों में ताले लटके रहने से सुबह टहलने वालों को परेशानी उठानी पड़ रही है। शहरवासियों का कहना है कि प्रवेश और अन्य गतिविधियों के लिए शुल्क लेने के बावजूद जब बुनियादी सुविधाएं ही नहीं मिलेंगी, तो पार्कों का असली मकसद कैसे पूरा होगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *