रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने निर्वाचन आयोग से अपील की है कि वह विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के बहाने गरीबों, आदिवासियों, मूलवासियों, अल्पसंख्यकों, प्रवासी मजदूरों, महिलाओं और बुजुर्गों को परेशान करना बंद करे। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार के एमएमडीआर संशोधन कानून पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे झारखंड के खनिज संसाधनों पर राज्य के अधिकार और आर्थिक हितों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र में काबिज भाजपा सरकार को यह समझना होगा कि झारखंड महज खनिजों का भंडार नहीं है, बल्कि इससे यहां के करोड़ों लोगों की रोजी-रोटी, हक और भविष्य जुड़ा हुआ है।
एसआईआर की कवायद पर सवाल उठाते हुए झामुमो नेता ने कहा कि आम लोगों से ऐसे कागजात मांगे जा रहे हैं, जिन्हें जुटाना गांवों और आदिवासी इलाकों में रहने वालों के लिए आसान नहीं है। उन्होंने बताया कि कई मामलों में नाम की स्पेलिंग अलग होने, जन्मतिथि में फर्क होने या माता-पिता के दस्तावेजों को लेकर आपत्तियां लगाई जा रही हैं। रोजी-रोटी के लिए बाहर गए प्रवासी मजदूरों और दूसरे राज्यों में पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए तय समय सीमा में ये औपचारिकताएं पूरी करना खासा कठिन है। उन्होंने पूछा कि क्या कागजों की कमी के आधार पर किसी मजदूर, आदिवासी या गरीब को वोट देने के अधिकार से दूर रखा जा सकता है।
विनोद पांडेय ने मतदाता सूची के आंकड़ों का हवाला देते हुए चिंता जताई कि राज्य के लगभग 2.64 करोड़ मतदाताओं में से प्रारूप सूची में महज 2.21 करोड़ नाम ही दर्ज हो पाए हैं और बड़ी संख्या में लोगों को नोटिस थमाए गए हैं। उनके मुताबिक प्रारूप सूची में दर्ज मतदाताओं में से करीब 27 फीसदी को संदिग्ध मानकर नोटिस भेजा गया है, जो दिखाता है कि इस प्रक्रिया में लोगों की जमीनी दिक्कतों को नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी व्यक्ति के मतदाता होने का आधार उसकी नागरिकता और संवैधानिक पात्रता होनी चाहिए, न कि कागजात इकट्ठा करने की उसकी आर्थिक ताकत।
एमएमडीआर संशोधन कानून को लेकर झामुमो महासचिव ने कहा कि झारखंड के खनिजों ने देश की अर्थव्यवस्था को लंबे समय से ताकत दी है, लेकिन खनन से होने वाला प्रदूषण, विस्थापन और सामाजिक-पर्यावरणीय नुकसान यहां के लोगों को झेलना पड़ता है। ऐसे में खनन प्रभावित इलाकों के विकास और स्थानीय आबादी की भलाई के लिए राज्य को मिलने वाली आमदनी पर चोट करना ठीक नहीं है।
उन्होंने खनिज सेस से होने वाली आय का जिक्र करते हुए कहा कि यह राज्य के लिए तेजी से बढ़ती कमाई का जरिया बना है। इससे वर्ष 2024-25 में करीब 1,379 करोड़ रुपये और 2025-26 में 7,489 करोड़ रुपये मिले थे, जबकि मौजूदा वित्त वर्ष में 19 नवंबर तक 7,628 करोड़ रुपये से ज्यादा की वसूली हो चुकी है। उन्होंने आशंका जताई कि एमएमडीआर संशोधन कानून लागू होने से झारखंड को हर साल लगभग 13 हजार करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसका सीधा असर गरीबों, महिलाओं, युवाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास कार्यों पर पड़ेगा। अंत में उन्होंने कहा कि झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज पर यहां के लोगों का हक सबसे ऊपर है और राज्य के अधिकारों व जनता के लोकतांत्रिक हक से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।