झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जेयूटी) का दूसरा दीक्षांत समारोह 28 सितंबर को आयोजित किया जाएगा, जिसमें राज्य के विभिन्न तकनीकी और प्रबंधन संस्थानों के 8 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। विश्वविद्यालय के सिरखा टोली, नामकुम स्थित सभागार में होने वाले इस भव्य समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और दीक्षांत भाषण देंगे।

विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार (प्रभारी) निशांत कुमार द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कुलपति प्रो. डीके सिंह की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में सेल, बोकारो के निदेशक प्रिय रंजन और डीवाई पाटिल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. प्रभात रंजन विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस गरिमामयी समारोह में छात्र-छात्राओं को उनकी डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।
जेयूटी द्वारा जारी आधिकारिक मेधा सूची के अनुसार, इस बार भी तकनीकी शिक्षा के प्रमुख संस्थान बीआईटी सिंदरी के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 8 में से 5 स्वर्ण पदक अपनी झोली में डाले हैं। इन मेधावी विद्यार्थियों में प्रीति कुमारी, आलोक रंजन, आरती कुमारी, शालिनी भारद्वाज और अविनाश कुमार शामिल हैं। इसके अलावा, जेयूटी मुख्य परिसर, नामकुम के विद्यार्थियों ने एमटेक एनवायरनमेंटल इंजीनियरिंग में 2 गोल्ड मेडल हासिल किए हैं, जिनमें राहुल कुमार और चंद्रकांत कुमार का नाम शामिल है। वहीं, बोकारो स्थित जीजीएसईएससीटीसी कैंपस की छात्रा शहनाज फरहीन ने एमबीए में टॉप कर संस्थान का मान बढ़ाया है।
कुल 4 बीटेक और 4 एमटेक व एमबीए स्तर के छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि के लिए स्वर्ण पदक दिया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी आगंतुकों और विद्यार्थियों को प्रातः 10:30 बजे तक सभागार में अपना स्थान ग्रहण करने का सख्त निर्देश दिया है। सुरक्षा एवं व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभागार के भीतर मोबाइल फोन, बैग आदि ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
