*जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर प्रभावित परिवार को तत्काल उपलब्ध करायी गयी खाद्य सामग्री*

*अंचल अधिकारी को आपदा राहत के प्रावधानों के तहत शीघ्र आकलन करते हुए प्रभावित परिवार को मुआवजा राशि उपलब्ध कराने का निर्देश*

रांची जिले में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। बारिश के कारण उत्पन्न परिस्थितियों में प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी आवश्यकताओं पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

इसी क्रम में कोकर क्षेत्र निवासी राहुल पासवान का घर भारी बारिश के कारण गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रभावित परिवार तक तत्काल राहत पहुँचायी गयी। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर प्रभावित परिवार को तत्काल खाद्य सामग्री उपलब्ध करायी गयी। विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी द्वारा प्रभावित परिवार तक चावल, गेहूं, तेल, नमक, दाल सहित आवश्यक राशन सामग्री पहुँचायी गयी, ताकि आपदा की इस घड़ी में परिवार को भोजन एवं आवश्यक खाद्य सामग्री के लिए कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े।

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित अंचल अधिकारी को निर्देश दिया है कि घटना का आपदा राहत के प्रावधानों के तहत शीघ्र आकलन करते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाए तथा प्रभावित परिवार को नियमानुसार यथाशीघ्र मुआवजा राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिला प्रशासन द्वारा आमजनों से अपील की गयी है कि लगातार बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतें तथा किसी भी आपात स्थिति अथवा क्षति की सूचना तत्काल जिला प्रशासन, संबंधित प्रखंड/अंचल को दें, ताकि प्रभावित लोगों तक समय पर आवश्यक सहायता पहुँचायी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *