झारखण्ड में मिलेट मिशन योजना: मोटे अनाज की खेती पर किसानों को मिलेगा ₹3000 प्रति एकड़ प्रोत्साहन
झारखण्ड में मिलेट मिशन योजना के तहत मोटे अनाज की खेती पर किसानों को ₹3000 प्रति एकड़ प्रोत्साहन दी जाएगी। मोटे अनाज के उत्पादन और उत्पादकता को बढ़ावा देने के लिए ‘झारखंड राज्य मिलेट मिशन योजना’ लागू कर दी गई है। जिला कृषि पदाधिकारी, पलामू द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस योजना के तहत किसानों को श्री अन्न (मिलेट फसल) की खेती करने पर ₹3000 (तीन हजार रुपये) प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में डीवीटी (DBT) के माध्यम से भेजी जाएगी।
किन्हें मिलेगा लाभ?
यह प्रोत्साहन राशि न्यूनतम 10 डिसमिल और अधिकतम 5 एकड़ क्षेत्र में खेती करने वाले किसानों को मिलेगी। इसके तहत मड़ुआ, ज्वार, बाजरा, कंगनी, सावां, चेना, कुटकी, कुट्टू और चौलाई जैसी मिलेट फसलों को शामिल किया गया है।
आवेदन के लिए जरूरी पात्रता (अहर्ता):
किसान मिलेट फसल की खेती करते हों।
आवेदक झारखंड राज्य का स्थायी निवासी हो।
किसान के पास मोबाइल नंबर से लिंक आधार कार्ड होना अनिवार्य है।
किसान का बैंक खाता केवाईसी (KYC) अपडेटेड होना चाहिए।
जमीन की रसीद, वंशावली या एलपीसी (LPC) का होना आवश्यक है।
यहाँ करें आवेदन:
इच्छुक किसान भाई इस योजना का लाभ लेने के लिए आधिकारिक पोर्टल www.jharkhandmilletmission.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
अधिक जानकारी या किसी भी समस्या के समाधान के लिए किसान जिला कृषि कार्यालय (पलामू), आत्मा कार्यालय (पलामू), या अपने ब्लॉक के प्रखंड कृषि पदाधिकारी, जनसेवक, बीटीएम (BTM) या एटीएम (ATM) से संपर्क कर सकते हैं।