रांची: भाजयुमो ने पत्रकार अभिषेक भारती की रिहाई और विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर लोकभवन के पास नागाबाबा खटाल के नजदीक एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में हुए इस प्रदर्शन के दौरान राज्य की कानून-व्यवस्था, महिला एवं आदिवासी बेटियों की सुरक्षा और प्रशासनिक रवैये को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष रोमित नारायण सिंह ने किया।

धरने को संबोधित करते हुए शशांक राज ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक हो गई है और अपराधियों व भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी और उनके साथ कथित दुर्व्यवहार अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए चुनौती है। शशांक राज ने कहा कि विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए क्योंकि कानून की नजर में सभी बराबर हैं। उन्होंने एनसीआरबी के आंकड़ों का हवाला देते हुए महिला सुरक्षा पर चिंता जताई और बेरोजगारी व भ्रष्टाचार के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी।

जिला अध्यक्ष रोमित नारायण सिंह ने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल है और जनप्रतिनिधियों पर लगे आरोपों पर कार्रवाई में देरी उसकी कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने अभिषेक भारती के मामले को प्रेस की स्वतंत्रता से जोड़ते हुए इस मुद्दे को गांव से लेकर राजधानी तक उठाने की बात कही।

प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक, प्रतुल शाहदेव और अजय साह ने आरोप लगाया कि नाबालिग आदिवासी बच्ची से जुड़े मामले को उजागर करने वाले पत्रकार को न्याय दिलाने के बजाय जेल भेजा गया और कथित तौर पर प्रताड़ित किया गया। उन्होंने मांग की कि अभिषेक भारती को तुरंत रिहा किया जाए, पीड़ित बच्ची को न्याय मिले और यदि विधायक स्वयं को निर्दोष बताते हैं तो उनका नार्को टेस्ट कराया जाए।

प्रदर्शन में अशोक बड़ाईक, अजय साह, प्रतुल सहदेव, रमेश सिंह, मुंचुन राय, ललित ओझा, राहुल चौधरी, अमित साहू, पूजा सिंह, सतीश सिंह, बबन बैठा, संजय महतो, रंजीत सहदेव, जितेंद्र वर्मा, संकेत तिवारी, सुधाकर चौबे, अमिताभ धीरज, विक्की लोहरा, विक्रांत तिवारी, शशिकांत सिंह, सचिन साहू, धर्मवीर सिंह, तरुण दास और इंद्रजीत यादव सहित बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल हुए। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *