रांची: भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ)-2026 के 45वें संस्करण में झारखंड के फूड स्टॉल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है। मेले में झारखंड की समृद्ध खानपान परंपरा, स्थानीय स्वादों की विविधता और सांस्कृतिक विरासत ने देश-विदेश से पहुंचे सैलानियों को खूब आकर्षित किया। राष्ट्रीय मंच पर मिली इस उपलब्धि को राज्य के पारंपरिक व्यंजनों की बढ़ती लोकप्रियता और पहचान के रूप में देखा जा रहा है।
आईआईटीएफ के फूड कोर्ट स्थित झारखंड के स्टॉल पर आगंतुकों ने दाल पीठा, रुगड़ा, चिल्का रोटी, मालपुआ, रागी मोमोज, ठेकुआ और धुस्का जैसे पारंपरिक व्यंजनों का जमकर लुत्फ उठाया। स्थानीय सामग्री और पारंपरिक तरीके से तैयार इन पकवानों के अनूठे स्वाद ने लोगों को खासा प्रभावित किया। बड़ी संख्या में दर्शक झारखंडी व्यंजनों का स्वाद लेने स्टॉल पर पहुंचे, जिनमें धुस्का, चिल्का रोटी, रागी मोमोज और रुगड़ा को लेकर खास उत्साह दिखा।
झारखंड फूड स्टॉल को मिला यह रजत पदक व्यंजनों की खासियत, बेहतर प्रस्तुति और लोगों के बीच इसकी लोकप्रियता को मिली अहम मान्यता है। इसे राज्य के स्थानीय खानपान को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने और झारखंड की सांस्कृतिक धरोहर को बड़े मंच पर पेश करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।