रांची: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार को डोरंडा स्थित जैप-1 के शौर्य सभागार में आयोजित ICFAI विश्वविद्यालय, झारखंड के दीक्षांत समारोह को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी सोच की सीमाओं को तोड़कर नई संभावनाएं तलाशने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश ‘विकसित भारत@2047’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और इस लक्ष्य को साकार करने में आज की युवा पीढ़ी की भूमिका निर्णायक होगी। 

राज्यपाल ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, जैव-प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्रों में हो रहे तीव्र बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं को समय के साथ निरंतर सीखते रहना होगा और नई तकनीकों के अनुरूप खुद को ढालना होगा। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के संदेश ‘ब्रेक द लिमिट्स, अनलॉक द पॉसिबिलिटीज’ का उल्लेख करते हुए छात्रों को अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखने के लिए प्रेरित किया।

संविधान दिवस के अवसर का स्मरण कराते हुए राज्यपाल ने कहा कि भारतीय संविधान लोकतंत्र के आदर्शों तथा नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों का आधार है। इसलिए युवाओं को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को अपने आचरण में उतारना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान दौर में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को उद्योग और समाज की जरूरतों के मुताबिक कौशल विकसित कर नौकरी मांगने के बजाय रोजगार सृजन करने वाला (उद्यमी) बनना चाहिए। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय प्रशासन से अपेक्षा की कि वे उच्च शिक्षा की गुणवत्ता, पारदर्शिता और शैक्षणिक मानकों का कड़ाई से पालन करें, साथ ही कृषि, स्वास्थ्य, पर्यावरण और ग्रामीण विकास से जुड़ी स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए ऐसे शोध एवं नवाचार को बढ़ावा दें जिनका सीधा लाभ आम समाज को मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed