रांची: झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को सशक्त और आधुनिक बनाने की कड़ी में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में अत्याधुनिक बीएसएल-III माइक्रोबायोलॉजी लैब का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने ओपीडी और आईपीडी भवन के नवीनीकरण व विस्तार कार्य की आधारशिला भी रखी। कार्यक्रम में कांके विधायक सुरेश बैठा विशेष रूप से मौजूद रहे।
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत करीब 2.30 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस बीएसएल-III लैब में टीबी के माइकोबैक्टीरियल कल्चर और ड्रग सेंसिटिविटी टेस्टिंग की सुविधा शुरू हो सकेगी। इससे एमडीआर-टीबी और डीआर-टीबी से पीड़ित मरीजों की सटीक जांच और समय पर उपचार संभव हो पाएगा। जैव-सुरक्षा के लिहाज से लैब में नेगेटिव एयर प्रेशर, यूनिडायरेक्शनल एयर फ्लो और हेपा फिल्ट्रेशन जैसी उन्नत प्रणालियां लगाई गई हैं। दूसरी ओर ओपीडी और आईपीडी भवन के विस्तार व नवीनीकरण से मरीजों को बेहतर क्लिनिकल सुविधाएं और व्यवस्थित माहौल मिल सकेगा, जिसे दो वर्षों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उद्घाटन के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य के लोगों को उन्नत जांच और बेहतर इलाज के लिए बाहर जाने की मजबूरी न रहे, इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने रिम्स को आधुनिक जांच सुविधाओं, डिजिटल हेल्थ और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी तकनीकों से जोड़कर देश के प्रमुख संस्थानों की कतार में लाने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि उनके लिए सबसे पहले इंसानियत है, फिर डॉक्टर की जिम्मेदारी और उसके बाद राजनीति तथा लोगों का जीवन बचाना उनकी प्रमुख प्राथमिकता है।
कांके विधायक सुरेश बैठा ने इस पहल को स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए अहम बताया। रिम्स निदेशक प्रो. डॉ. दिपेंद्र कुमार सिन्हा ने स्वास्थ्य मंत्री के दृष्टिकोण और कार्यशैली की सराहना की, जबकि चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. हिरेंद्र बिरुवा ने कहा कि नई प्रयोगशाला शुरू होने से अहम जांचें अब स्थानीय स्तर पर ही हो सकेंगी। मौके पर डीन प्रो. डॉ. राजीव कुमार मिश्रा, डीएमई प्रो. डॉ. प्रदीप भट्टाचार्य, माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. मनोज कुमार, अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेश त्रिपाठी समेत कई चिकित्सक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।