रांची: कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा आयोजित होने से पहले ही 11वीं कक्षा में नामांकन के नाम पर अभिभावकों से दो से तीन हजार रुपये तक रजिस्ट्रेशन शुल्क वसूलने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन की शिकायत के बाद इस मामले में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) और जिला शिक्षा विभाग ने गंभीरता दिखाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को पुंदाग स्थित सीबीएसई क्षेत्रीय कार्यालय में क्षेत्रीय अधिकारी राजीव शर्मा से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और इस प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने सवाल उठाया कि जब अभी तक बोर्ड परीक्षा हुई ही नहीं है और न ही परिणाम आया है, तो जेवीएम श्यामली सहित अन्य निजी स्कूलों को इतनी जल्दबाजी में अग्रिम आवेदन लेने और मोटी रकम वसूलने की क्या आवश्यकता है। एसोसिएशन ने बोर्ड की अनुमति, शुल्क के औचित्य और किसी दूसरे स्कूल में नामांकन लेने की स्थिति में जमा राशि की वापसी (रिफंड) के नियमों को लेकर भी स्पष्टता मांगी। क्षेत्रीय अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

दूसरी ओर इस मामले में रांची के जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) ने भी सख्त रुख अपनाया है। डीईओ ने जेवीएम श्यामली समेत जिले के सभी निजी विद्यालयों की जांच के आदेश दे दिए हैं। इसके लिए सभी अनुमंडल, क्षेत्र और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र जारी कर अपने-अपने क्षेत्र के स्कूलों का निरीक्षण करने और जल्द से जल्द विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। 

झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों पर आवेदन की अंतिम तिथि और फीस के नाम पर मानसिक व आर्थिक दबाव डालना पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी कोई व्यावसायिक ग्राहक नहीं हैं जिनसे महीनों पहले वसूली की जाए। एसोसिएशन ने मांग की है कि जांच के बाद केवल औपचारिकता न निभाई जाए, बल्कि नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों पर कड़ी कार्रवाई हो और सीबीएसई सभी स्कूलों के लिए एकसमान दिशा-निर्देश जारी करे। इस प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष अजय राय के साथ प्रवीण कुजूर, अनिकेत सिंह, मुकेश साहू और आकाश पासवान भी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed