*जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची, ने सभी प्रस्तुत मुद्दों पर संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने तथा जनसामान्य को राहत पहुंचाने हेतु प्राथमिकता देने के स्पष्ट निर्देश दिए*
*जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों पर प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा*
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राँची मंजूनाथ भजन्त्री ने आज समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जनसामान्य से मुलाकात कर उनकी विभिन्न समस्याओं को विस्तार से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक एवं तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान उपायुक्त राँची से छठ महापर्व के अवसर पर शहर के छठ घाटों के किनारे सुबह और शाम अर्घ्य के दौरान छठ के गीतों की प्रस्तुति देने संबंधी चर्चा की।
राँची नगर निगम के विभिन्न वार्ड पार्षदों— पवन तिर्की (वार्ड-13), परमेश्वर सिंह (वार्ड-अ), विषय कच्छप (वार्ड-24), सुनीता तिग्गा (वार्ड-30), श्री पीटर खोया (वार्ड-52), निरंजन कुमार तथा विधायक प्रतिनिधि खिजरी धुर्वा अरुण कुमार—ने विभिन्न जनोपयोगी मुद्दों पर मुलाकात की। इनमें जन्म तथा मृत्यु प्रमाण पत्र संबंधी समस्याएँ, पार्षद द्वारा वंशावली सत्यापन से संबंधित कठिनाइयाँ, पेंशन योजनाओं में देरी, राशन कार्ड एवं पीडीएस जन विवरण प्रणाली में आ रही समस्याएँ तथा दुर्गा पूजा के दौरान लाइट व्यवस्था संबंधी मुद्दे प्रमुखता से शामिल थे। जिला दंडाधिकारी ने इन सभी बिंदुओं पर संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान हेतु निर्देश दिए।
राष्ट्रीय स्वतंत्रता सेनानी टाना भगत संघ के प्रतिनिधियों ने विभिन्न मुद्दों के साथ-साथ जमीन के दाखिल-खारिज संबंधी समस्याओं पर भी चर्चा की। इस पर अपर समाहर्ता रांची को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
माहेर आश्रम, बीजू पाड़ा में रहकर अध्ययन कर रहे बच्चों की वर्तमान शैक्षणिक सत्र पूर्ण होने तक आश्रम में रहने की अनुमति प्रदान करने संबंधी चर्चा भी हुई। जिला प्रशासन ने इस मानवीय एवं शैक्षणिक आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए अनुकूल निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
एक आवेदक ने जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड जमा होने तक स्कूल में अपनी बेटी के प्रोविजनल एडमिशन (अस्थायी दाखिले) की मंजूरी का अनुरोध किया। उपायुक्त ने इस मामले में जिला शिक्षा अधीक्षक रांची को संबंधित स्कूल प्रशासन को सहानुभूतिपूर्वक एवं शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिला परिषद राँची की सदस्य सरीता देवी (ओरमांझी पूर्वी-22) ने डीएमएफटी (DMFT) मद से योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन के संबंध में चर्चा की। इस पर खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास से जुड़े प्रस्तावों पर तेजी से अमल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी प्रस्तुत मुद्दों पर संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने तथा जनसामान्य को राहत पहुंचाने हेतु प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों पर प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।